यूपी में आज मानसून की एंट्री…14 शहरों में जोरदार बारिश:मथुरा में सड़कें तालाब बनीं, लखनऊ में बूंदाबांदी; 48 घंटे में 45 की मौत

यूपी वालों के लिए अच्छी खबर है। आज, 18 जून को मानसून बिहार के रास्ते यूपी में एंट्री ले सकता है। इससे पहले प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को लखनऊ, मथुरा, आगरा, वाराणसी समेत 14 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मथुरा में मंगलवार शाम करीब एक घंटे भीषण बारिश हुई। बांके बिहारी मंदिर को जाने वाले रास्ते पर पानी भर गया। राधा बल्लभ मंदिर के पास दुकानों में पानी भर गया। दुकानों के सामान खराब हो गए। होली गेट, नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, भूतेश्वर और BSA कॉलेज रोड जैसे प्रमुख इलाकों में कमर तक पानी भर गया है। सड़कें तालाब बन गईं। ट्रैक्टर, बाइक और कारें डूबीं नजर आईं। बच्चे तैरते नजर आए। एक युवक छत पर नहा रहा था, तभी उस पर बिजली गिरी। इससे उसकी मौत हो गई। आगरा में शाम को आसमान में काले बादल छा गए। दिन में अंधेरा हो गया। लोगों को अपनी गाड़ियों की हेड लाइट जलानी पड़ी। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। ताजमहल देखने आए टूरिस्ट ने बारिश का लुत्फ उठाया। बच्चे भीगते हुए खेलते नजर आए। ताजमहल भी बारिश के बीच चमकता नजर आया। यहां खेत में मजदूरी कर रहे दंपती की बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई। वाराणसी में दोपहर 12 बजे के बाद तेज बारिश हुई। इसके बाद से बादल छाए हैं। एनसीआर में भी मौसम बदला। नोएडा और गाजियाबाद में भी झमाझम बारिश हुई। बुलंदशहर में करीब एक घंटे की बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। बच्चे भीगते हुए मस्ती करते दिखे। फर्रुखाबाद पुलिस लाइन में ट्विन टॉवर का शीशा तेज आंधी में गिर गया। नीचे खड़े 5 ट्रेनी पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। देवरिया में बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई। दो बच्चे झुलस गए। वहीं, 48 घंटों में आंधी-बारिश से 45 की मौत हुई है। IMD के मुताबिक, आज मंगलवार को बारिश पूर्वी यूपी में 16.7 मिमी और पश्चिमी यूपी में 21.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं पूरे प्रदेश में औसत 18.6 मिमी बरसात हुई। बारिश की 6 तस्वीरें.. सोमवार को 46 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई थी। सबसे अधिक 149 मिमी बारिश बरेली में रिकॉर्ड की गई। यहां 6 घंटे की बारिश में कॉलोनियों और हाईवे पर घुटनों तक पानी भर गया। बरेली में कई जगह बिजली गिरी। आंवला तहसील में बिजली गिरने से छत में छेद हो गया। धमाका सुनकर घर के लोग जैसे-तैसे भागकर बाहर गए। थोड़ी देर बाद छत पर देखा तो छेद हो गया था। उधर, प्रदेश में अब लू (हीटवेव) का असर खत्म हो गया है। सोमवार को किसी भी शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार नहीं गया। वाराणसी सबसे गर्म रहा, जहां का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद जौनपुर 39.1 डिग्री के साथ दूसरे नंबर पर रहा। 17 से 20 तक यूपी में मानसून की एंट्री होगी
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून मंगलवार को बिहार-झारखंड पहुंच गया है। कल, बुधवार को बिहार से कुशीनगर, गोरखपुर होते हुए रास्ते यूपी में मानसून की एंट्री हो सकती है। पिछली बार 20 जून को मानसून आने की संभावना जताई गई थी, लेकिन यह 10 दिन की देरी से आया था। जबकि केरल में तय डेट से दो दिन पहले 30 मई को एंट्री कर गया था। 18 जून को 13 जिलों में भारी बारिश का अनुमान
बुधवार को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती के आसपास भारी बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। इस दौरान बिजली भी गिर सकती है। अगले 5 दिन मौसम कैसा रहेगा, जानिए मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-