यूपी में तूफान-बारिश, मां-बेटे समेत 55 की मौत:उन्नाव में पेड़-पोल उखड़े, रेल रूट ठप; प्रयागराज में जमकर ओले गिरे

यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। मथुरा, उन्नाव और प्रयागराज में तेज आंधी और बारिश के साथ ओले गिरे। कई जगह पेड़ टूटकर गिर गए और टीन शेड उड़ गए। बरेली और बदायूं में तेज आंधी के कारण कई साइन बोर्ड गिर पड़े। प्रयागराज, जौनपुर, प्रतापगढ़, बांदा, सोनभद्र और भदोही में हवा की रफ्तार करीब 70-80 Km थी। प्रदेशभर में आंधी, बारिश और तूफान से 55 लोगों की मौत हो गई। प्रयागराज में सबसे ज्यादा 17 और भदोही में 16 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद बदायूं और फतेहपुर में 5-5 मौतें हुईं। प्रतापगढ़ में 4 लोगों की मौत हो गई। कानपुर देहात में बिजली गिरने से 33 बकरियों की मौत हो गई। गाजियाबाद, वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज, मथुरा, मेरठ, गोरखपुर सहित करीब 30 जिलों में बारिश हुई। वहीं, पिछले 24 घंटे में बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सीएम योगी ने बारिश, आंधी और बिजली से हुए नुकसान का संज्ञान लिया है। उन्होंने पीड़ितों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। राहत कार्य 24 घंटे में पूरा करने को कहा है।अधिकारियों को मौके पर जाकर मदद देने के निर्देश दिए गए हैं। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- पश्चिमी विक्षोभ के चलते आज और कल मौसम बदला रहेगा। तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बारिश से तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। 15 मई से गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। तापमान में 6 से 8 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। पारा 45 डिग्री के पार जाएगा। मौसम की तस्वीरें- अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…