यूपी के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह फैली हुई है। इसके चलते दूसरे दिन यानी गुरुवार को भी देवरिया, सुल्तानपुर, लखनऊ और गोंडा में कई पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ पड़ी। लोग बड़े-बड़े डिब्बे लेकर पेट्रोल और डीजल भरवाने पहुंच गए। कई जगह लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों इंतजार करते रहे। गोरखपुर में दोपहर 12 बजे बाइक पर एक और टंकी लादकर युवक तेल लेने पहुंचा। कहा- दोनों टंकियां फुल कर दीजिए। श्रावस्ती में डिब्बों में पेट्रोल-डीजल भरने पर रोक लगा दी गई। इससे भड़के किसानों ने दोपहर 2 बजे नेशनल हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाया। वहीं, देवरिया में गुरुवार सुबह एक युवक ट्रॉली में 7 भगोने लादकर पेट्रोल पंप पर पहुंचा और तेल भरवाकर ले गया। इधर, नायरा पेट्रोलियम ने पेट्रोल ₹5.30 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया है। लखनऊ में नायरा के पंपों पर पेट्रोल ₹100.15 और डीजल ₹91.05 प्रति लीटर मिल रहा है। पहले पेट्रोल ₹94.84 और डीजल ₹88.05 प्रति लीटर मिलता था। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि नया महीना आ रहा है, भाजपा शासन में लोगों को लाइन के अलावा क्या मिला? वहीं, गोरखपुर में सीएम योगी ने लोगों से अपील की कि पंप पर लाइन न लगाएं। जब जरूरत हो, तभी डीजल और पेट्रोल लेने जाएं। अगर लाइन लगाएंगे तो हमारी राष्ट्रभक्ति पर लोग संदेह करेंगे। प्रदेश में करीब 13,168 पेट्रोल पंप चल रहे हैं। पंप मालिकों का कहना है कि अचानक 3 से 4 गुना तक भीड़ बढ़ गई है। उन्हें समझ में भी नहीं आया कि आखिर अचानक भीड़ क्यों बढ़ गई, जबकि तेल पर्याप्त है। तस्वीरें देखिए- पेट्रोल-डीजल को लेकर पंपों पर क्या हालात हैं, जानने के लिए नीचे एक-एक ब्लॉग से गुजर जाइए…