यूपी में भीषण गर्मी का कहर जारी है। पिछले 48 घंटों में 8 लोगों की मौत हो गई। गुरुवार को 30 जिलों का पारा 40°C के पार चल गया। झांसी सबसे गर्म शहर रहा, जहां का पारा 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रतापगढ़ में चकबंदी कानूनगो कड़ी धूप में कमरे का ताला खोलते समय छत पर गश खाकर गिर गए। कई घंटे तक वह धूप में ही पड़े रहे और उनकी मौत हो गई। हरदोई में भीषण गर्मी और ओवरलोड के चलते ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई। थोड़ी ही देर में ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। कन्नौज में एक युवक ने ट्रैक्टर की ट्रॉली को स्वीमिंग पूल में बदल दिया है। ट्रॉली में वाटरप्रूफ प्लास्टिक शीट बिछाकर उसमें पानी भरा गया है। मोहल्ले के बच्चों ने पूल में जमकर मस्ती की। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 35 जिलों में बारिश और आंधी की संभावना जताई है। 25 जिलों में हीटवेव का भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है- उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 13 से 17 जून तक गरज-चमक के साथ 50-70 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चल सकती हैं। मानसून कब आएगा? दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में समय से 10 दिन पहले दस्तक दी थी। उत्तर प्रदेश में अगले 5-10 दिनों के अंदर मानसून के पहुंचने का अनुमान है। संभावना है कि 15 से 20 जून के बीच कभी भी मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। सामान्य रूप से यूपी में मानसून 20-25 जून को आता है, लेकिन इस बार समय से पहले मानसून के दस्तक देने की उम्मीद है। मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-