शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान (32) हत्याकांड के 2 नए CCTV सामने आए हैं। पहले वीडियो में अंकित बुधवार शाम 6:44 बजे ब्लैक टी-शर्ट और लोअर पहनकर जिम से बाहर आते दिख रहे हैं। उनके हाथ में भूरे (ब्राउन) रंग का एक बैग था। जिम से 10-15 मीटर की दूरी पर खड़ी अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो का पिछला गेट खोलकर वे बैग अंदर रखते हैं। फिर कार के पीछे से घूमते हुए ड्राइविंग सीट की तरफ जाते हैं। जैसे ही वे गेट खोलकर अंदर बैठते हैं, घात लगाकर खड़े 4 हमलावर कार को घेर लेते हैं। एक बदमाश अंकित के पास जाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगता है, जबकि बाकी 3 बदमाश गाड़ी को घेरकर फायरिंग करने लगते हैं। आसपास से गुजर रही महिलाएं भागने लगती हैं। दूसरे वीडियो में वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश हवा में तमंचा लहराकर फायरिंग करते हुए पैदल भाग निकलते हैं। इस दौरान हमलावर चीखते-चिल्लाते भी नजर आ रहे हैं। इससे पहले, गुरुवार को भी हत्याकांड का एक CCTV फुटेज सामने आया था, जिसमें चारों हमलावर बिना नंबर प्लेट की दो बाइकों से भागते नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को कैराना की सपा सांसद इकरा हसन, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह अंकित के घर पहुंचे। इकरा ने पिता सतबीर से पार्टी अध्यक्ष अखिलेश की बात कराई। अखिलेश ने कहा- परिवार को इंसाफ दिलाया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्याकांड के दो दिन बाद भी खाली हाथ है। एसटीएफ (STF) समेत शामली, बागपत और मुजफ्फरनगर की पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी हुई है। बता दें कि शामली में 26 अगस्त को सिंगर अंकित की जिम से निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हरियाणा के ‘गोगी गैंग’ और सिंगर-एक्टर भूपेंद्र ढींगरा ने सोशल मीडिया पर इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी। हालांकि, पुलिस इस दावे को लेकर फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रही है। हत्याकांड से जुड़ा पहला CCTV देखिए- अब दूसरा CCTV देखिए- दो घंटे से जिम के आस-पास घूम रहे थे हमलावर स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, चारों हमलावर वारदात से करीब दो घंटे पहले से जिम के आसपास घूम रहे थे। वे दो बाइकों से आए थे। जिम के पास श्री बालाजी कन्फेक्शनरी के बराबर वाली दुकान की सीढ़ियों पर हेलमेट और गमछे रखे थे। इस दौरान उन्होंने सिगरेट खरीदी और काफी देर तक इलाके में घूमते रहे। गोली चलाने के बाद वापस आए, सामान वहीं छोड़ा कन्फेक्शनरी संचालक अक्षय गर्ग ने बताया, गोलीबारी के बाद आरोपी वापस उसी जगह लौटे और अपना हेलमेट व गमछा वहीं छोड़कर फरार हो गए। इकरा हसन ने अंकित के परिवार से अखिलेश की कराई बात कैराना सांसद इकरा हसन ने अंकित बालियान के घर पहुंचकर उनके पिता सत्यवीर सिंह फौजी और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई। उन्होंने अंकित के नाम से सांसद निधि से स्मारक बनवाने की बात कही। इकरा ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि चौथे दिन तक खुलासा नहीं हुआ तो पार्टी धरना देगी। उन्होंने अखिलेश यादव से भी परिवार की फोन पर बात कराई। इधर, अंकित हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एडीजी मेरठ जोन ने शामली पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक की और अलग-अलग टीमें गठित कर CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए- पढ़िए एक दिन पहले आए CCTV में क्या-क्या दिखा था… हत्याकांड का पहला CCTV गुरुवार सुबह सामने आया था। इसमें जिम के बाहर दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद देर शाम एक और CCTV सामने आया। इसे देखकर पता चलता है कि हमलावरों को अंकित के एक-एक मूवमेट की जानकारी थी। वो पूरी प्लानिंग से आए थे। जिम के बाहर खड़े होकर घात लगाकर अंकित का इंतजार कर रहे थे। सीसीटीवी में दिख रहा है कि जिस गली में अंकित की गाड़ी खड़ी है, वहां काफी चहल पहल है। लोगों की आवाजाही है। इसके बीच चारों हमलावर बेखौफ होकर आते हैं। ताबड़तोड़ गोलियां चलाते हैं। गोलियां की तड़तड़ाहट सुनकर कई लोग अपने घरों से निकल आए। उनके सामने बदमाश पिस्टल लहराते हुए बड़े आराम से भाग जाते हैं। बदमाशों के जाते ही लोगों की भीड़ लग गई। हत्या से एक घंटे पहले पोस्ट किया था नया गाना अंकित ने बुधवार शाम 6 बजे यानी हत्या से ठीक एक घंटे पहले अपने इंस्टाग्राम पर एक गाना पोस्ट किया था। जिसमें वह गाड़ी में बैठकर ‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ गाते हुए नजर आए। उनका ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाना 15 फरवरी 2023 को रिलीज हुआ था। इस गाने पर बैन लगा दिया गया था। इसके बाद वह हरियाणवी संगीत की दुनिया में चर्चित हुए। 6 साल पहले शादी, पत्नी सरकारी टीचर अंकित बालियान शामली के बंतीखेड़ा गांव का रहने वाला था। वह हरियाणा के सोनीपत में रहता था। हालांकि, पिछले कई महीनों से वह परिवार के साथ अपने गांव में रह रहा था। उसके पिता सतबीर रिटायर्ड फौजी हैं, जबकि मां अमरेश गृहिणी हैं। अंकित 4 भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बड़े भाई राजीव की अभी शादी नहीं हुई है। वह कोटा में MBBS की पढ़ाई कर रहे हैं। 2 बड़ी बहनें रीना और रितु की शादी हो चुकी है। अंकित की शादी 6 साल पहले सीमा के साथ हुई थी। सीमा दिल्ली में सरकारी टीचर हैं। हालांकि, अभी अंकित और सीमा के बच्चे नहीं हैं। पुलिस इन एंगल पर जांच आगे बढ़ा रही ——————– ये खबर भी पढ़ें- अंकित हत्याकांड- पिता बोले- बेटा फौजी बनना चाहता था:सरकारें जो कहती हैं, अब करके दिखाएं; हत्यारों का एनकाउंटर हो ‘योगीजी कहते हैं कि अपराधी एक चौराहे से भागेंगे, तो दूसरे पर ढेर कर दिए जाएंगे…। लखनऊ में बैठकर बातें करने से कुछ नहीं होगा। जो कहते हैं, वो यहां करके दिखाइए। अगर प्रशासन अपनी बातों पर खरा नहीं उतरा, तो 5वें दिन हम बॉडी निकाल लेंगे, चाहे जो हो जाए। मेरा बेटा मेरी तरह फौजी बनना चाहता था। वो सपना पूरा नहीं हुआ, तो वीडियो बनाने लगा। मुझे उस पर गर्व है।’ यह दर्द और गुस्सा है अंकित बालियान के पिता सतबीर बालियान का। शामली में बुधवार (26 अगस्त) को हरियाणवी सिंगर अंकित की जिम से निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमने अंकित के पूरे परिवार से बात की। पूरी खबर पढ़ें