यूपी में 12वीं तक स्कूल-कॉलेज 5 जनवरी तक बंद रहेंगे:कोहरे से ट्रक टकराए, जिंदा जलकर ड्राइवर कंकाल बना; कानपुर में 65 को हार्टअटैक

यूपी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। योगी सरकार ने 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूल 5 जनवरी तक के लिए बंद कर दिए हैं। नए साल पर मथुरा, हाथरस, बदायूं और फर्रुखाबाद समेत कई जिलों में हुई हल्की बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह कानपुर, गोरखपुर, झांसी समेत 30 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगह विजिबिलिटी शून्य से 10 मीटर तक सिमट गई। राजधानी लखनऊ में दोपहर 12 बजे तक धूप के दर्शन नहीं हुए। ठंडी हवाओं की वजह से गलन बढ़ गई। इससे लोग ठिठुरते नजर आए। कानपुर में दिल के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। कार्डियोलॉजी में हार्ट अटैक के 65 मरीज भर्ती हुए। हैलट इमरजेंसी में ब्रेन स्ट्रोक के 15 मरीज आए। इनमें 7 को मृत अवस्था में लाया गया। ओपीडी में 509 लोगों की जांच की गई। फतेहपुर में ठंड से एक मजदूर की मौत हो गई। कोहरे के चलते इटावा में दो ट्रकों की टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रक में आग लग गई। जिससे ड्राइवर केबिन में फंसकर जिंदा जल गया। उसका सिर्फ कंकाल बचा। हरदोई में गन्ना लदी ट्रॉली में क्रेटा कार घुस गई। इसमें 4 लोग घायल हो गए। गोरखपुर समेत तमाम शहरों में 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। 10 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हैं, जबकि कई देरी से उड़ान भर रही हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पर एअर इंडिया के एक विमान ने शुक्रवार को आसमान में 17 चक्कर काटे। घने कोहरे के कारण लैंडिंग नहीं हो पाई। आखिर में उसे दिल्ली के लिए डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, शीतलहर की वजह से गोरखपुर-कानपुर में आज सभी स्कूलों की छुट्‌टी कर दी गई है। बाकी शहरों में स्कूल बदले हुए समय यानी सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगे। ​​​​​​मौसम की तस्वीरें- प्रदेश में बाराबंकी सबसे ठंडा, लखनऊ में पारा 8.6°C
पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश बाराबंकी और हरदोई में सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 6°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद गोरखपुर में पारा 6.4°C, आजमगढ़ में 6.9°C और कानपुर में 7.2°C रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ में पारा 8.6°C रहा। चार दिन भीषण कोल्ड-वेव की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले चार दिन भीषण कोल्ड-वेव की चेतावनी जारी की है। घने कोहरे के बीच सुबह और रात के समय विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है। लोगों को सतर्क रहने और जरूरी न होने पर यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम रहेगी, वहीं रात का तापमान सामान्य से कम रहेगा। जनवरी में कैसा रहेगा मौसम? आपके शहर में मौसम कैसा है, अगले एक हफ्ते मौसम कैसा रहेगा? जानने के लिए स्क्रोल करिए…