यूपी में 12वीं तक स्कूल 5 जनवरी तक बंद:लखनऊ में 17 चक्कर लगाकर विमान लौटा; कोहरे से ट्रक टकराए, ड्राइवर जिंदा जला

यूपी में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। योगी सरकार ने सभी बोर्ड के 12वीं तक के स्कूल-कॉलेज 5 जनवरी तक के लिए बंद कर दिए हैं। इससे पहले सीएम ने 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक 12वीं तक स्कूल बंद करने के आदेश दिए थे। प्राइमरी स्कूलों में एक से 14 जनवरी तक छुट्‌टी पहले से ही घोषित है। नए साल पर मथुरा, हाथरस, बदायूं और फर्रुखाबाद समेत कई जिलों में हल्की बारिश बारिश हुई। इससे ठिठुरन बढ़ गई है। शुक्रवार सुबह कानपुर, गोरखपुर, झांसी समेत 30 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगह विजिबिलिटी शून्य से 10 मीटर तक सिमट गई। राजधानी लखनऊ में धूप के दर्शन नहीं हुए। एयरपोर्ट पर एअर इंडिया के एक विमान ने आसमान में 17 चक्कर काटे। घने कोहरे के कारण लैंडिंग नहीं हो पाई। आखिर में उसे दिल्ली के लिए डायवर्ट करना पड़ा। गोरखपुर समेत तमाम शहरों में 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट चल रही हैं। 10 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हैं, जबकि कई देरी से उड़ान भर रही हैं। ठंड के चलते कानपुर में दिल के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। कार्डियोलॉजी में हार्टअटैक के 65 मरीज भर्ती हुए। हैलट इमरजेंसी में ब्रेन स्ट्रोक के 15 मरीज आए। फतेहपुर में ठंड से एक मजदूर की मौत हो गई। कोहरे के चलते इटावा में दो ट्रकों की टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रक में आग लग गई। जिससे ड्राइवर केबिन में फंसकर जिंदा जल गया। उसका सिर्फ कंकाल बचा। हरदोई में गन्ना लदी ट्रॉली में क्रेटा कार घुस गई। इसमें 4 लोग घायल हो गए। बाराबंकी में सड़क हादसे में बाइक सवार दो की मौत हो गई। मौसम विभाग (IMD) ने 3 जनवरी के लिए अलर्ट जारी किया है। 70 जिलों में घना कोहरा रहेगा। पहाड़ी हवाओं और नमी के कारण शनिवार सुबह कई जिलों में जीरो विजिबिलिटी रहने की आशंका है। ​​​​​​मौसम की तस्वीरें- प्रदेश में बाराबंकी सबसे ठंडा, लखनऊ में पारा 8.6°C
पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश बाराबंकी और हरदोई में सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 6°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद गोरखपुर में पारा 6.4°C, आजमगढ़ में 6.9°C और कानपुर में 7.2°C रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ में पारा 8.6°C रहा। 4 दिन भीषण कोल्ड-वेव की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 4 दिन भीषण कोल्ड-वेव की चेतावनी जारी की है। घने कोहरे के बीच सुबह और रात के समय विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है। लोगों को सतर्क रहने और जरूरी न होने पर यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता बेहद कम रहेगी, वहीं रात का तापमान सामान्य से कम रहेगा। जनवरी में कैसा रहेगा मौसम? आपके शहर में मौसम कैसा है, अगले एक हफ्ते मौसम कैसा रहेगा? जानने के लिए स्क्रोल करिए…