यूपी में 32,679 कॉन्स्टेबल भर्ती-2025 परीक्षा सोमवार से शुरू हो रही है। परीक्षा तीन दिन- 8, 9 और 10 जून को सभी 75 जिलों में होगी। कुल 1183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहली शिफ्ट में परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगी। इसी तरह दूसरी शिफ्ट में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक परीक्षा चलेगी। पहली शिफ्ट के लिए एंट्री सुबह 8 से 9.30 बजे तक होगी। दूसरी शिफ्ट में दोपहर 1 से 2.30 बजे तक एंट्री होगी। कुल 29 लाख 45 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। जांच के दौरान करीब 60 हजार आवेदन निरस्त कर दिए गए। इसके बाद 28 लाख 85 हजार उम्मीदवारों का एडमिट कार्ड जारी हुआ है। सीएम योगी ने अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में किराए पर 50% छूट का ऐलान किया है। इसके लिए अपना प्रवेश पत्र दिखाना होगा। फर्जी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए आइरिस स्कैनिंग अनिवार्य यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड फर्जी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए डिजिटल बायोमेट्रिक के साथ आइरिस स्कैनिंग करेगा। मेटल डिटेक्टर से अभ्यर्थियों को तलाशी के बाद एंट्री दी जाएगी। सिर्फ एडमिट कार्ड, फोटो पहचान पत्र और बॉलपॉइंट पेन ले जाने की इजाजत होगी। इसके अलावा परीक्षा के दौरान मोबाइल, ब्लूटूथ और इंटरनेट आधारित किसी भी तरह की एक्टिविटी रोकने के लिए हाई-पावर डिजिटल जैमर लगाए गए हैं। परीक्षा शुरू होते ही केंद्र परिसर में मोबाइल और वाई-फाई नेटवर्क पूरी तरह बाधित हो जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के DIG सत्येंद्र अनिरुद्ध पंकज ने कहा- परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सॉल्वर गैंग से जुड़े मामलों में 7 से 14 साल तक की सजा का प्रावधान है। बार-बार अपराध करने वालों को आजीवन कारावास और करोड़ों रुपए तक के जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और आम लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील की। कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हेल्पलाइन, ई-मेल या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए तत्काल पुलिस को दें। प्रदेश मुख्यालय में कंट्रोल रूम बना, यहीं से निगरानी होगी 1183 परीक्षा केंद्रों पर 30 हजार से ज्यादा सीसीटीवी लगाए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर लगा सीसीटीवी उस जिले के कलेक्ट्रेट और प्रदेश मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से जुड़ा रहेगा। सभी परीक्षा केंद्रों में दीवार घड़ी भर्ती बोर्ड की ओर से लगवाई गई है। जिससे अभ्यर्थियों को सही समय का पता चल सके। जिलों के साथ-साथ भर्ती बोर्ड के मुख्यालय पर एक-एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। यह कंट्रोल रूम परीक्षा की निगरानी करेगा। 30 जनवरी तक चली थी आवेदन प्रक्रिया भर्ती बोर्ड ने 32,679 कॉन्स्टेबल और समकक्ष पदों के लिए 31 दिसंबर, 2025 को नोटिफिकेशन जारी किया था। आवेदन प्रक्रिया 31 दिसंबर, 2025 से शुरू होकर 30 जनवरी, 2026 तक चली थी। क्या है सिलेबस, कितने नंबरों की होगी परीक्षा? लिखित परीक्षा 300 नंबर की होगी। 2 घंटे में 150 सवाल पूछे जाएंगे। हर सवाल 2 नंबर का होगा। नेगेटिव मार्किंग व्यवस्था खत्म कर दी गई है। न्यूनतम पासिंग मार्क्स यानी पास होने के न्यूनतम नंबर भी निर्धारित किए हैं। सिलेबस जानिए लिखित परीक्षा में पास होने वाले कैंडिडेट्स ही फिजिकल टेस्ट में शामिल हो सकेंगे। पुरुषों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 25 मिनट में और महिलाओं को 2.4 किलोमीटर की दौड़ 14 मिनट में पूरी करनी होगी। फाइनल मेरिट में भी लिखित परीक्षा के नंबर जोड़े जाएंगे। हालांकि UPPRPB ने फिजिकल टेस्ट में शामिल होने के लिए लिखित परीक्षा पास करने के न्यूनतम पासिंग मार्क्स निर्धारित किए हैं। अब भर्ती के बारे में जानिए… 31 दिसंबर की शाम योगी सरकार ने 32, 679 पदों पर सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया था। इनमें सिविल पुलिस के अलावा PAC, विशेष सुरक्षा बल (SSF), महिला बटालियन, घुड़सवार पुलिस और जेल वार्डर तक के पद शामिल थे। सिविल पुलिस में 10,469 पदों पर महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। जबकि PAC में पुरुषों के लिए 15,131 पद खाली हैं। UP SSF में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 1341 वैकेंसी है। सात स्लाइड्स में देखिए कहां कितने पदों पर भर्ती होगी… ———————– ये खबर भी पढ़िए- प्रेमानंदजी को हंसाने वाले जॉनी-जोजो 24 घंटे बाद मिले, बोले- कुछ खाने-पीने को नहीं मिला, सूटकेस में बंद रहे “24 घंटे एक सूटकेस में बंद रहा। ऐसा पहली बार हुआ। न पानी पीया, न कुछ खाने को मिला। बांके बिहारी जी से मैंने निवेदन किया कि मुझे इस जगह से निकाल दो। मालिक के पास पहुंचा दो। फिर एकदम से मेरा बॉस आता है और सूटकेस से निकाल देता है। अब मैं बहुत खुश हूं, बिल्कुल तंदुरुस्त हूं, स्वस्थ हूं।’’ ये बातें दैनिक भास्कर से बातचीत में प्रेमानंद महाराज को हंसाने वाले टैडीबियर कार्टून जॉनी ने कहीं। पढ़ें पूरी खबर…