योगी को 25 सितंबर से पहले मार दूंगा:मथुरा में पुलिस पकड़ने गई तो 6 राउंड फायरिंग की; कनपटी पर पिस्टल रखकर धमकाता रहा

मथुरा में युवक ने पिस्टल लहराते हुए सीएम योगी को जान से मारने की धमकी दी। खुद की कनपटी पर पिस्टल सटाकर कहा- मैं सीएम को 25 सिंतबर से पहले मार दूंगा। खुद भी मर जाऊंगा। मेरी कोई मदद नहीं कर रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस हरकत में आईं। एक घंटे के अंदर युवक की लोकेशन पता की और पुलिस फोर्स उसके घर पहुंची। पुलिस को देखते ही हाथ में पिस्टल लिए उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। कुछ देर बाद वह कमरे से निकला और छत पर भाग गया। वहां से भी पुलिस को धमकी देने लगा। पुलिस ने उसके घर को घेर लिया और उसे सुरक्षित ही पकड़ने की कोशिश में जुट गई। उसने 6 हवाई फायर भी किए। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे पिस्टल और कारतूस के साथ पकड़ा। घटना शुक्रवार दोपहर की मांट तहसील के हरदयाल गांव की है। युवक की पहचान सुनीत पुत्र भगवान सिंह के रूप में हुई है, जो मांट तहसील के गांव हरदयाल का रहने वाला है। घटना शुक्रवार दोपहर की है। पहले देखिए 2 तस्वीरें… युवक के दो वीडियो सामने आए पहला वीडियो
पहले वीडियो में युवक अर्धनग्न दिख रहा है। उसने गले में चेन पहनी है। हाथ में पिस्टल लहराते हुए कह रहा है कि सीएम योगी जी, अगर आपकी सरकार में मुझे मदद नहीं मिली, तो मैं आपको गोली मार दूंगा। यह बात सत्य समझ लीजिए। वह दावा करता है कि उसने सीएम के कार्यालय में शिकायत दर्ज की थी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। हाथ में रसीद लहराते हुए कहता है- मेरे पास सबूत हैं, फिर भी मेरी फरियाद अनसुनी कर दी गई। अगर मूड खराब हुआ मेरा, मेरी जिंदगी खराब तो है ही। में खुद मर जाऊंगा और तुमको भी मार दूंगा। सुनीत के पिता भगवान सिंह की 2004 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके 4 भाई है। युवक की शादी नहीं हुई है। दूसरा वीडियो
युवक आगे धमकी देता है। कहता है कि मरने से अच्छा है कि 25 सितंबर से पहले योगी आदित्यनाथ को मार दूं। पिस्टल से मैगजीन निकालकर दिखाते हुए वह दावा करता है कि यह ओरिजिनल पिस्टल है, इसमें 9 गोलियां हैं। नौ की नौ सीधे उतार दूंगा, भले ही नौ बॉडीगार्ड हों, उनमें भी। वह बार-बार अपनी परेशानी का जिक्र करते हुए कहता है कि तमाम शिकायतें करने के बावजूद न्याय नहीं मिला। जिससे मैं मानसिक रूप से टूट चुका है। मेरे खेत पर डेढ़ लाख रुपए का लोन है। जावरा मौजा में अगर कोई इंसान हकीकत बोलने वाला हो तो मेरी हेल्प कर दें। इसके बाद वह मूंछों पर ताव देते हुए कहता है कि अगर हेल्प नहीं की, तो योगी सरकार से गुहार लगा रहा हूं इतने कागज हैं मेरे। कोर्ट में 3 केस लडूंगा। 2 स्कूल के प्लॉट के और एक खेत के बैनामा का। नहीं हुई कोई छानबीन
वायरल वीडियो में शख्स कहता है कि यह योगी आदित्यनाथ जी के मुहर लगी शिकायत है। इसकी कोई छानबीन सुनवाई नहीं की गई। इसके बाद वह कमरे में मौजूद दूसरे शख्स की तरफ कैमरा घुमाते हुए कहता है यह दोस्त है मेरा। इसके बाद सुनीत कहता है कि किसी के हाथों मरने से अच्छा खुद मर जाऊं। इसके साथ ही वह फिर पिस्टल दिखाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मारने की धमकी देता है। पिस्टल लेकर छत पर चढ़ा
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। युवक की लोकेशन और पहचान मांट क्षेत्र के नगला हरदयाल गांव के निवासी सुनीत के रूप में हुई। पुलिस जैसे ही युवक के घर पहुंची वह पिस्टल लेकर छत पर भागा। ऊपर चढ़कर अपने छत से लेकर पड़ोसियों के छत तक घूमता रहा। पुलिस वाले भी उसे पकड़ने के लिए पड़ोसियों की छत पर चढ़े। पुलिस जब उसके करीब जाने की कोशिश करती तो वह डराने के लिए हवा में फायर करता था। करीब ढाई घंटे तक वह ऐसा करता रहा। इस दौरान जब पुलिसवाले उसे समझाते तो वह योगी को जान से मारने की धमकी देने लगता। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक लंबे समय से मानसिक तनाव में था और अक्सर अपनी परेशानियों का रोना रोता था। एसपी देहात सुरेश रावत ने बताया ने बताया- सुनीत उर्फ गटुआ ने सोशल मीडिया पर सीएम योगी को गोली मारने की धमकी दी। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की गई। अवैध पिस्टल भी बरामद कर लिया गया हैl उसकी मांगों और स्थिति की जांच की जा रही है। अगर जरूरत पड़ी तो काउंसलिंग और विशेष टीम की मदद ली जाएगी। ——————- ये खबर भी पढ़ें…. प्रेमिका के बेटे को बंधक बनाकर बैठा सिरफिरा:कनपटी पर तमंचा, मुंह में कारतूस; पुलिस ने गोली मारकर पकड़ा, बच्चा सुरक्षित कन्नौज में सिरफिरे प्रेमी ने प्रेमिका के बच्चे को 7 घंटे तक बंधक बनाकर रखा। प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा था। मौके पर ASP अजय कुमार, CO सुरेश मलिक, कोतवाली प्रभारी विष्णुकांत तिवारी पहुंचे। आरोपी को समझाया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। CO सुरेश मलिक से कहा- लड़की को बुलाकर लाओ। पढ़ें पूरी खबर…