पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में यूपी के सीएम योगी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद शामिल हुए। चारों ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण के लिए बने मंच पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान लोगों ने ताली बजाकर उनका स्वागत किया। ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए। पीएम मोदी ने संजय निषाद का हाल-चाल जाना। मंच पर योगी बिहार के सीएम सम्राट चौधरी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आगे बैठे। दोनों डिप्टी सीएम केशव, ब्रजेश पाठक और संजय निषाद, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के पीछे एक साथ बैठे नजर आए। दोनों उपमुख्यमंत्री शुक्रवार शाम को ही कोलकाता पहुंच गए थे। शपथ ग्रहण से पहले उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा- कांग्रेस, वामपंथियों और तृणमूल ने सांस्कृतिक राजधानी को पीछे धकेला था। पश्चिम बंगाल के आम लोगों ने भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काम किया और उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया। अब हम कह सकते हैं कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने पर मुहर लगाने का काम पश्चिम बंगाल के लोगों ने किया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- यह बहुत ऐतिहासिक है। इस अवसर की प्रतीक्षा सिर्फ पश्चिम बंगाल को नहीं, पूरे देश के लोगों को थी। प्रधानमंत्री मोदी के वादे पर भरोसा करके बंगाल की जनता ने भाजपा को अवसर दिया है। सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा वह सभी वादे पूरे करेगी। 3 तस्वीरें- सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में यूपी के नेताओं की हलचल के अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-