योगी बोले-पप्पू, टप्पू और अप्पू महागठबंधन के 3 बंदर:इन्हें न सच दिखाई देता, न सुनाई देता; याद दिलाया- बंटेंगे तो कटेंगे

बिहार में यूपी CM योगी आदित्यनाथ ने कहा- आपने महात्मा गांधी के तीन बंदरों के बारे में सुना होगा। गांधी जी के बंदरों ने हमें सिखाया था- बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो और बुरा मत बोलो। लेकिन आज, इंडी गठबंधन तीन और बंदरों आ गए हैं- ‘पप्पू, टप्पू और अप्पू’। उन्होंने कहा- ‘पप्पू’ न तो सच बोल सकता है और न ही कुछ अच्छा कह सकता है। ‘टप्पू’ कुछ अच्छा नहीं देख सकता और ‘अप्पू’ सच नहीं सुन सकता। ये लोग एनडीए सरकार के विकास कार्यों को नहीं देख सकते। वे अपने आसपास हो रहे काम को सुन नहीं सकते। इसके बारे में बोल नहीं सकते। इसलिए वे झूठ और गलत सूचना फैलाते हैं। उन्होंने एक बार फिर याद दिलाया- बंटेंगे तो कटेंगे। दरअसल, योगी सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए दरभंगा पहुंचे। उन्होंने कहा- राजद-कांग्रेस का एक पार्टनर सपा यूपी में है। ये लोग राम के विरोधी है। इन लोगों ने राम के अस्तित्व पर सवाल खड़ा किया था। ये लोग हमारी आस्था के साथ साथ खिलवाड़ करते हैं। ये RJD-कांग्रेस और इनकी समाजवादी पार्टी घोर हिंदू द्रोही, राम द्रोही, मां जानकी के विरोधी हैं। जो राम का विरोधी होगा, मां जानकी की विरोधी होगा, हमारा भी विरोधी होगा। कांग्रेस ने कहा था- राम है ही नहीं। सपा ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। योगी ने कहा कि ‘पहले अयोध्या से दरभंगा आने में 16 घंटे लगते थे। आज लखनऊ से दरभंगा आने में 45 मिनट लगे। दरभंगा का मान सम्मान को आगे बढ़ाया है। आज अयोध्या में राम मंदिर बनकर खड़ा हो गया है। रामलला अगर अयोध्या में रहेंगे तो सीतामढ़ी में भी मां जानकी भी विराजमान होंगी। ये अच्छी सरकार चुनने का फायदा होता है। मोदी जी ने मखाना को पहचान दिलाई है। आज बिहार में क्या नहीं है। योगी के संबोधन की बड़ी बातें… 1. कश्मीरी हिंदुओं को विस्थापित करने वाले लोग कौन थे?
योगी ने कहा- आज सुबह मैं अखबार पढ़ रहा था। नजर एक समाचार पर पड़ी। वह समाचार था- एक फिल्म का एक्टर 27 साल बाद कश्मीर जा पाया। कौन थे वो लोग, जिन्होंने कश्मीरी हिंदुओं को विस्थापित कर दिया। ऐसी कौन सी नौबत आई कि हिंदू विहीन हो गया। ये पाप कांग्रेस ने किया था। पाकिस्तानी वहां बस रहे थे। हिंदुस्तानियों का भगाया जा रहा था। 2. कांग्रेस का काला इतिहास याद दिलाया
योगी ने कहा- कांग्रेस गरीबों की योजनाओं का पैसा हड़प लिया करती थी। आज पीएम मोदी की सरकार में गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है। आयुष्मान कार्ड से इलाज का खर्चा सरकार उठा रही है। उन्होंने विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए कश्मीर का जिक्र किया। कहा- गृहमंत्री अमित शाह और पीएम मोदी ने कश्मीर को आतंकवाद से मुक्त किया। धारा 370 हटाकर पाकिस्तानी घुसपैठियों को बाहर किया। कांग्रेस ने कश्मीर को हिंदू-विहीन बनाने का पाप किया था। आज 27 साल बाद एक फिल्मी सितारा कश्मीर घाटी लौट सका। ये कांग्रेस का काला इतिहास है। 3. राम मंदिर का सपना साकार, मिथिला में जानकी का भव्य मंदिर
योगी ने पांच साल पहले के अपने वादे को याद दिलाते हुए कहा- जब मैं यहां मुरारी मोहन झा के प्रचार के लिए आया था, तो कहा था कि अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनेगा। आज रामलला विराजमान हो चुके हैं। अब मिथिला की पावन धरती पर मां जानकी का भव्य मंदिर बनेगा। सीतामढ़ी में ये सपना साकार होगा। अच्छी सरकार चुनने का फल यही है- हमारी आस्था का सम्मान।