योगी बोले- साजिश करके सपा-कांग्रेस ने छात्रों को बदनाम किया:दोनों देश में झूठ फैला रहे; हमें इन्हें बेनकाब करना होगा

सीएम योगी ने गोरखपुर में सपा-कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा- विपक्ष के इन दलों ने पहले किसानों को भड़काया, अब छात्रों को भड़का रहे हैं। ये साजिश के तहत आंदोलन कराकर छात्रों को बदनाम करते हैं। इसके लिए सपा और कांग्रेस के गुंडों ने दिल्ली में संसद का घेराव किया। ये दोनों दल देश में झूठा नैरेटिव फैलाने वाले हैं। इनका नैरेटिव है कि एक झूठ को सच साबित करने के लिए सौ बार झूठ बोलो। हमें इन्हें बेनकाब करना होगा। योगी ने कहा- कांग्रेस पीएम मोदी आवास को घेरती है, उनकी सुरक्षा में सेंध लगाने का बेशर्मी से प्रयास करती है। कांग्रेस-सपा देश के खिलाफ षड्यंत्र कर रही हैं। सभी ने कल और परसों के इनके षड्यंत्र को देखा है। ये विदेशी पैसे के बल पर देश में अराजकता पैदा करना चाहते हैं। सीएम ने बुधवार दोपहर योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में गोरखपुर शहर और ग्रामीण विधानसभा के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने दोनों विधानसभा क्षेत्रों के 892 बूथ अध्यक्षों को आगामी चुनाव में जीत का मंत्र दिया। कांग्रेस और सपा ने जिन्ना को महिमामंडित किया योगी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने समाज में साजिश और शरारत की। कांग्रेस ने एक लाख रुपए देने का झूठा वादा। सपा-कांग्रेस ने आरक्षण पर गलत नैरेटिव फैलाया। जबकि सच्चाई यह है कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि और संत रविदास को सम्मान मिला तो पीएम के मार्गदर्शन व नेतृत्व में भाजपा ने दिया। देशहित में जिन सरदार वल्लभ भाई पटेल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया, उन्हें भी भाजपा सरकार ने सम्मान दिया। उनकी सबसे ऊंची प्रतिमा बनवाई। कांग्रेस-सपा ने सरदार पटेल और डॉ. आंबेडकर की बजाय जिन्ना को महिमामंडित किया। बूथ अध्यक्ष विपक्ष की साजिश को बेनकाब करें सीएम में बूथ अध्यक्षों को सतर्क करते हुए कहा कि कांग्रेस-सपा 2024 की तरह फिर समाज में भ्रम पैदा करने की साजिश कर सकती हैं। इसलिए बूथ स्तर पर सजग रहकर उनकी शरारतों और भ्रम को बेनकाब करते रहना होगा। सभी बूथ अध्यक्ष सरकार द्वारा कराए गए विकास और जनकल्याण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। लोगों के साथ निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखें। योगी ने गोरखपुर के सिक्सलेन फ्लाईओवर लोकार्पण समारोह में गुरुवार को सभी को आमंत्रित किया। कहा कि फ्लाईओवर पर आकर सेल्फी लीजिए। इसे सोशल मीडिया पर शेयर कीजिए। जो बूथ जीतेगा वही चुनाव भी जीतेगा बूथ को सबसे महत्वपूर्ण सांगठनिक इकाई बताते हुए सीएम ने चुनावी जीत का मंत्र भी दिया। उन्होंने पीएम मोदी के वक्तव्य का उदाहरण देते हुए कहा कि चुनाव देश, प्रदेश, लोकसभा, विधानसभा या जिले में नहीं होता, बल्कि असली चुनावी लड़ाई बूथ पर लड़ी जाती है। इसीलिए पीएम मोदी नारा देते हैं, मेरा बूथ सबसे मजबूत। यह नारा इस बात के लिए प्रेरित करता है कि जो बूथ जितेगा, वही चुनाव भी जितेगा। बूथ ही किसी चुनाव का असली कुरुक्षेत्र होता है। बूथ वही जितेगा जिसके पास जन सामर्थ्य होगा, जो अधिक जनसंपर्क करेगा। सीएम बोले- यूपी में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार सीएम ने बूथ अध्यक्षों को प्रेरित करते हुए कहा कि जैसे सीमा पर सैनिकों के मुस्तैद रहने से देश सुरक्षित और खुशहाल रहता है, वैसे ही सतर्क और सजग बूथ होने से हम केंद्र और प्रदेश में सरकार बनाते हैं। बूथ की ताकत से साल 2027 में यूपी में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनेगी। सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों की शत प्रतिशत उपस्थित के लिए सीएम ने उनका अभिनंदन किया। इसके लिए महानगर इकाई का आभार जताया। अब भूख से मौत नहीं होती, 80 करोड़ को मिलता मुफ्त राशन सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रति पूरी दुनिया की धारणा बदली है। अब भारत को संदेह की दृष्टि से नहीं, बल्कि सम्मान और विश्वास के भाव से देखा जाता है। डबल इंजन सरकार में गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचा है। आवास, आयुष्मान, मुफ्त राशन, मुफ्त रसोई गैस से जुड़ी योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचना सुनिश्चित हुआ है। देश में 80 करोड़ और प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा मिल रही है। पहले की सरकारों में गरीबों की भूख से मौत होती थी। सरकारों की नाकामी से कुशीनगर में कई मुसहर भूख से मर गए। कांग्रेस की सरकार में खुद उनके पीएम राजीव गांधी ने यह माना था कि सरकार द्वारा भेजे गए 100 रुपए में 15 रुपए ही गरीब तक पहुंचते थे। जबकि डबल इंजन सरकार ने डीबीटी के माध्यम से गरीबों को योजनाओं का लाभ देने में शत प्रतिशत पारदर्शिता सुनिश्चित की है। पारदर्शिता के साथ दी 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिली सीएम योगी ने प्रदेश और गोरखपुर में हुए अभूतपूर्व विकास और रोजगार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने संपूर्ण पारदर्शिता के साथ 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। इसमें न कोई सिफारिश चली और न कोई जुगाड़ या पैसा। सपा सरकार में एसडीएम भर्ती में एक जाति विशेष के नाम कर दी गई। 2017 के पहले गोरखपुर, यूपी के नौजवान को हेय दृष्टि से देखा जाता था। आज यहां के नौजवान जब बाहर जाते हैं तो उन्हें सामने वाला सम्मान देता है। भाजपा सरकार ने विरासत का भी सम्मान किया। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनाया गया। काशी विश्वनाथ और विंध्याचल धाम को निखारा गया, नैमिषारण्य तीर्थ का विकास कराया गया। ———————– ये खबर भी पढ़िए- राज्यपाल बोलीं- विवि हॉस्टलों में ड्रग्स सप्लाई हो रही: कुलपतियों को फोटो दिखा चुकी हूं; CCSU के 38वें दीक्षांत समारोह में पहुंचीं थीं मेरठ में बुधवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हुईं। उन्होंने 199 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों के हॉस्टल्स में ड्रग सप्लाई किए जाने और शराब की बोतलें पड़ी मिलने का दावा किया। पढ़ें पूरी खबर…