विधायक राजा भैया ने दशहरे पर पत्नी भानवी सिंह को जवाब दिया। उन्होंने कुंडा के अपने बेंती महल में अस्त्र-शस्त्रों की पूजा की। राजा भैया के शस्त्र पूजन की वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं। करीब 200 से ज्यादा देशी-विदेशी हथियारों को टेबल पर सजाया गया है। हथियारों में पिस्टल, रिवॉल्वर, 12 बोर की बंदूक, राइफल और थर्टी करबाइन शामिल हैं। हर साल दशहरे पर राजा भैया अपने शस्त्रागार में रखें हथियारों की पूजा करते हैं। लेकिन, इस बार राजा भैया ने इस पूजा की तस्वीरों को सार्वजनिक किया है। वजह पत्नी भानवी सिंह से विवाद बताया जा रहा है। दरअसल, भावनी सिंह ने 18 सिंतबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि राजा भैया के पास अवैध हथियारों का जखीरा है। उनके पास कुछ ऐसे हथियार हैं, जिनसे मास डिस्ट्रक्शन हो सकता है। मतलब- हमले में तमाम लोग मारे जा सकते हैं। ये हथियार जन सुरक्षा और आंतरिक शांति के लिए खतरा बन सकते हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजा भैया के सबसे करीबी माने जाने वाले अक्षय प्रताप ने कहा था- राजा भैया क्यों अवैध हथियार रखेंगे? राजा भैया का एक भी ऐसा नौकर नहीं है, जिसके पास लाइसेंस और असलहा न हो। दशहरे पर हम इनकी पूजा करते हैं। सारे लीगल शस्त्र हैं। जिसे देखना है वह दशहरा में आ जाए। पहले 2 तस्वीरें देख लीजिए… कहां से शुरू हुआ विवाद? राजा भैया और उनकी पत्नी के बीच काफी सालों से विवाद चल रहा है। दरअसल, 3 जून 2025 को राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने पीएमओ में लेटर दिया और राजा भैया पर आरोप लगाया था कि उनके पास अवैध विदेशी हथियारों का जखीरा है। भानवी का दावा है कि राजा भैया के पास अवैध हथियारों का जखीरा है। इसमें कुछ ऐसे हथियार हैं, जिनसे मास डिस्ट्रक्शन हो सकता है। मतलब- हमले में तमाम लोग मारे जा सकते हैं। ये हथियार जन सुरक्षा और आंतरिक शांति के लिए खतरा बन सकते हैं। भानवी सिंह ने राजा भैया पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। PMO ने गृह मंत्रालय को जांच के लिए आदेश दिया है। गोपाल जी ने कहा था- फेक फोटो, दशहरे पर देख लें हथियार राजा भैया के करीबी कुंवर अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल जी ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद और फेक बताया था। गोपाल जी ने कहा था कि हथियारों की फोटो एडिटेड है एआई से बनाई गई है। क्योंकि, भानवी सिंह 10 साल से अलग रह रही है तो हथियारों की फोटो कहां से आ गई। अब जानिए भवनी ने कब-कब और क्या-क्या कहा… 18 सितंबर को गोपाल जी के बयान के बाद भानवी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर हथियारों की फोटो शेयर की और फिर कार्रवाई की मांग की। 24 सितंबर 2025 को भानवी सिंह ने हथियारों की फोटो और वीडियो शेयर किया साथ ही कुछ सवाल पूछे- भानवी सिंह ने लिखा मेरे न्याय के हित में कुछ जरूरी सवाल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में खतरनाक किस्म के अवैध हथियार एकत्र करने की पुख्ता सबूत सहित जानकारी देने पर भी जांच एजेंसियां हाथ पर हाथ धर कर क्यों बैठी हैं? 1. क्या इस तरह के weapon रखने की अनुमति किसी को है? 2. क्या यह संगीन और गंभीर अपराध नहीं है? 3. क्या इस तरह के हथियार रखने वाले व्यक्ति से लोगों की सुरक्षा को खतरा नहीं है। 18 सितंबर को भानवी ने क्या लिखा? भानवी ने लिखा- सालों तक मैंने चुप रहकर अपने परिवार की इज्जत बचाने की कोशिश की। बहुत अन्याय सहा, बहुत उत्पीड़न सहा। पर हाल ही में अक्षय प्रताप ने मीडिया इंटरव्यू में मेरे बारे में झूठ फैलाकर मुझे “पागल” कहा। यही वह आखिरी चोट थी, जिसने मुझे मजबूर कर दिया कि अब सच्चाई सबके सामने रखूं। मैं इस व्यक्ति की नीचता का कोई जवाब नहीं देना चाहती थी। लेकिन, बार बार मीडिया के लोग मुझसे संपर्क कर रहे हैं। अब कुछ बोलना और कहना जरूरी है। मैं केवल जांच एजेंसियों से निष्पक्ष जांच चाहती हूं। सबूत मैंने दिए हैं, जो अपने आप प्रमाण देते हैं। नई अपराध न्याय संहिता में वैज्ञानिक तरीकों से जांच की व्यवस्था आदरणीय मोदी जी और अमित शाह जी ने कर दी है। फोरेंसिक जांच करा लीजिए। 15 दिन में रिपोर्ट आ जाएगी। बस योगी जी और उनकी पुलिस को निष्पक्षता से जांच कराना है। सच शीशे की तरह साफ तरीके से सामने आ जाएगा। यूपी पुलिस पर भरोसा नहीं हो तो सीबीआई जांच करा लें। हिम्मत हो तो स्वयं खुद अक्षय प्रताप यह मांग करें कि पूरे मामले की सीबीआई जांच हो। जिससे यह साबित हो जाए कि सच क्या है? 24 सितंबर को फिर से लगाए गंभीर आरोप भानवी ने बाहुबली विधायक के अवैध हथियारों के जखीरे का वीडियो शेयर किया था। उन्होंने हथियारों के साथ एक न्यूड लड़की की तस्वीर भी पोस्ट की थी। इसमें वह असलहे के साथ नजर आ रही है। भानवी ने X पर लिखा था- जब से मैंने पीएमओ और गृह मंत्रालय से शिकायत की, तब से मेरे चरित्र हनन के लिए पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा। यह शायद पहली बार होगा कि बेहद खतरनाक किस्म के अवैध हथियार का जखीरा किसी व्यक्ति के पास है। इसकी जानकारी सबूत सहित देने के बाद भी संबंधित व्यक्तियों को सबूत मिटाने, तथ्यों से छेड़छाड़ करने और शिकायतकर्ता की सुरक्षा को ही जोखिम में डालने का पूरा मौका दिया जा रहा। कब से भानवी सिंह राजा भैया से अलग रह रहीं? कुंडा से विधायक राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने नवंबर, 2022 में दिल्ली की साकेत कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दायर की थी। उन्होंने क्रूरता के आधार पर तलाक मांगा था। भानवी सिंह ने अपनी ससुरालवालों पर भी आरोप लगाया था। कहा था कि उन्होंने घर छोड़ दिया है। राजा भैया का अवैध संबंध है। सितंबर, 2020 से ही राजा भैया ने उन्हें घर में आने से मना कर दिया है। भानवी सिंह ने राजा भैया पर घरेलू हिंसा, मारपीट, खर्च के पैसे नहीं देने, बच्चों की उपेक्षा जैसे तमाम आरोप लगाए थे। भानवी के बेटे और बेटियां क्या कर रही हैं? राजा भैया और भानवी सिंह की 2 बेटियां राघवी और बृजेश्वरी और जुड़वां बेटे शिवराज और बृजराज हैं। दोनों बेटियां मां भानवी के साथ, तो बेटे पिता राजा भैया के साथ रहते हैं। बृजेश्वरी वकालत कर रही हैं। राघवी अमेरिका में पढ़ाई के लिए कोशिश में लगी हैं। दोनों बेटे शिवराज और बृजराज मुंबई से पढ़ाई पूरी कर अब पिता के साथ में राजनीति का ककहरा सीख रहे हैं। 2022 विधानसभा चुनाव में पिता के साथ प्रचार में सक्रिय थे। 2025 में दोनों बेटों ने जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) की सदस्यता ग्रहण की है। माना जा रहा है कि देर-सवेर राजा भैया दोनों बेटों को राजनीति में सक्रिय कर देंगे। दशहरे के दिन क्यों की जाती है शस्त्र पूजा? दशहरे के दिन शस्त्र पूजा की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। इस दिन क्षत्रिय राजाओं द्वारा अपने शत्रुओं पर विजय प्राप्त करने के लिए शस्त्रों की पूजा की जाती थी। बीएचयू के एस्ट्रो विभाग के प्रो. विनय कुमार पाण्डेय बताते हैं कि आसुरी शक्तियों के विनाश के लिए अस्त्र-शस्त्र की जरूरत पड़ती है। भगवती दुर्गा ने दैत्यों का नाश किया और अपराजिता विजया के नाम से प्रसिद्ध होकर लोक में पूजी जाने लगी। इसलिए दशहरे के दिन यानी की विजय दशमी पर शौर्य के प्रतीक अस्त्र-शस्त्र सहित भगवती विजया का पूजन किया जाता है। —————————— ये खबर भी पढ़ें… दशहरे पर राजा भैया दिखाएंगे अपने शस्त्रागार के हथियार:करीबी MLC बोले- उस दिन पूजा होती है, जिसको देखना है आ जाए बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के पास हथियारों का जखीरा है। यह शिकायत उनकी पत्नी भानवी सिंह ने पीएमओ से की है। इस पर राजा भैया के सबसे करीबी एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल जी ने कहा कि उनकी पत्नी 10 साल से अलग रह रही हैं। ऐसे में उन्हें हथियारों की फोटो कहां से मिल गई? पहले तो उनकी ही जांच होनी चाहिए। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पढ़िए पूरी खबर…