राज्य-पुरस्कार के लिए 7 जून से टीचर कर सकेंगे आवेदन:प्रेरणा वेब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन करना होगा आवेदन, श्रेष्ठ 3 का होगा चयन

राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार-2025 के लिए प्रदेश के बेसिक, माध्यमिक और जूनियर हाईस्कूलों में कार्यरत शिक्षक 7 जून से आवेदन कर सकेंगे। प्रेरणा वेब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश पत्र जारी किया। उन्होंने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को निर्देश दिए कि वे अपने जिले में राज्य पुरस्कार-2025 के लिए इच्छुक शिक्षकों से आवेदन कराएं। 1 से 20 जुलाई तक होगा आवेदनों का सत्यापन आवेदन करने वाले शिक्षकों का जनपद स्तर पर गठित चयन समिति सत्यापन करेगी। सत्यापन और मूल्यांकन के बाद समिति को जिले से 3 श्रेष्ठ शिक्षकों के नाम उनके आवेदन पत्र सहित पोर्टल के माध्यम से राज्य चयन समिति को भेजने होंगे। इसके लिए 1 से 20 जुलाई 2026 तक की समय-सीमा तय की गई है। जिला समिति के बाद राज्य चयन समिति इन आवेदनों की दोबारा जांच करेगी। इसकी समय-सीमा 1 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक रखी गई है। इसके बाद राज्य पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों के नामों की घोषणा की जाएगी। हर वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर ये सम्मान दिए जाते हैं। अनुभव की शर्त घटाने की मांग बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने मांग की है कि राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए शिक्षकों की न्यूनतम सेवा अवधि 15 वर्ष से घटाकर 10 वर्ष कर दी जाए। उन्होंने कहा कि इससे कई योग्य और उत्कृष्ट शिक्षक भी आवेदन कर पाएंगे। वर्तमान में पुरस्कार के लिए 15 वर्ष की सेवा पूरी करने और सेवानिवृत्ति से कम से कम 5 वर्ष पहले तक आवेदन करने की शर्त है।