यूपी में बेमौसम बारिश का दौर जारी है। सुल्तानपुर, रायबरेली और अमेठी में शुक्रवार देर रात ओले गिरे। प्रयागराज, वाराणसी में भी बारिश हुई। प्रतापगढ़ में आंधी के साथ बरसात हुई। सदर कोतवाली इलाके में अयोध्या-प्रयागराज हाईवे किनारे लगा यूनीपोल उखड़कर खड़ी कार पर जा गिरा। गनीमत रही कि उस समय कार में कोई मौजूद नहीं था। कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मौसम विभाग ने आज 39 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के असर से मौसम बदला है। अगले 4 दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होगी। कहीं-कहीं बिजली गिर सकती है। आंधी के साथ ओले गिरने की भी आशंका है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो लखनऊ, कानपुर, सीतापुर समेत 10 जिलों में बारिश हुई। हरदोई में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। हालांकि, प्रदेश के औसत तापमान में 5°C तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बांदा सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 40.2°C दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान मुजफ्फरनगर में 15.4°C रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- पाकिस्तान से आ रही हवाओं की वजह से यूपी में मौसम बदल गया है। बारिश का नया दौर शुरू हुआ है। 29 मार्च को एक और विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होगी। 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तापमान में 3°C तक गिरावट आएगी। मौसम की तस्वीरें देखिए- अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम? मौसम के पल-पल के अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए:-