लखनऊ एयरपोर्ट से एक महीने में 30 उड़ानें रद्द:अहमदाबाद हादसे के बाद एअर इंडिया की फ्लाइट सबसे ज्यादा हुईं प्रभावित

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से विमान सेवाएं इन दिनों बुरी तरह प्रभावित हैं। अहमदाबाद में पिछले हुए विमान हादसे के बाद से एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों में लगातार गड़बड़ी देखी जा रही है। एयरपोर्ट की मासिक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले एक महीने में कुल 30 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जिनमें सबसे ज्यादा उड़ानें एअर इंडिया समूह की रही हैं। मुंबई से लखनऊ आने-जाने वाली फ्लाइटें बार-बार रद्द एअर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-लखनऊ फ्लाइट IX-1219 लगातार तीसरे दिन रद्द हुई है। यह फ्लाइट रोजाना रात 11:50 बजे लखनऊ पहुंचती है। इसके साथ ही लखनऊ से मुंबई जाने वाली फ्लाइट IX-1235 भी लगातार रद्द हो रही है, जो रात 12:20 बजे अमौसी से उड़ान भरती है। ये दोनों उड़ानें बीते कई दिनों से अनियमित चल रही हैं। दिल्ली और दुबई की फ्लाइटें भी प्रभावित एअर इंडिया की दिल्ली से चलने वाली दो नियमित उड़ानें AI-2460 और AI-2461 भी लंबे समय से रद्द चल रही हैं। इसके अलावा लखनऊ-दुबई रूट की फ्लाइट्स IX-193 और IX-194 भी कई बार कैंसिल की जा चुकी हैं। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, अन्य एयरलाइंस की कुछ उड़ानें भी रद्द हुई हैं, लेकिन एअर इंडिया और उसकी सहयोगी एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें सबसे ज्यादा प्रभावित रही हैं। हादसे के बाद सघन जांच में जुटा एअर इंडिया अहमदाबाद में हुई दुर्घटना के बाद से एअर इंडिया के संचालन में गड़बड़ी सामने आ रही है। कंपनी के पास इस समय कुल 297 विमान हैं, जिनमें से 194 एअर इंडिया और 103 एअर इंडिया एक्सप्रेस के बेड़े में हैं। सभी विमानों की सघन तकनीकी जांच की जा रही है, जिससे उड़ानों में देरी और रद्द होने की स्थिति बनी हुई है। 16 जुलाई से दो उड़ानें होंगी बहाल लंबे इंतजार के बाद यात्रियों को कुछ राहत मिलने की संभावना है। एअर इंडिया की दिल्ली-लखनऊ की दो उड़ानें (AI-2460 और AI-2461) 16 जुलाई से दोबारा शुरू की जा रही हैं। इन उड़ानों को पहले 21 जून को ‘ऑपरेशनल कारणों’ से बंद कर दिया गया था। AI-2460 दिल्ली से रात 8:55 बजे चलकर लखनऊ रात 10:05 बजे पहुंचती है, जबकि वापसी की उड़ान AI-2461 रात 10:55 बजे लखनऊ से रवाना होकर 12:20 बजे दिल्ली पहुंचती है।