लखनऊ पहुंची टीम इंडिया, ब्लैक चश्मे में दिखे सूर्य कुमार:बोले- अच्छा लग रहा, हार्दिक पांड्या हाथ हिलाते निकले, 25 हजार तक टिकट

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 17 दिसंबर को टी-20 क्रिकेट मैच खेला जाएगा। इसके पहले सोमवार को इंडिया और साउथ अफ्रीका की टीम लखनऊ पहुंचीं। दोनों टीमें गोमतीनगर स्थित हयात होटल में रुकी हैं। इससे पहले अमौसी एयरपोर्ट पर हार्दिक पांड्या हाथ हिलाते हुए निकले और फैंस का अभिवादन किया। टीम इंडिया के कप्तान सूर्य कुमार ब्लैक चश्मे में पहुंचे। कहा- लखनऊ आकर अच्छा लग रहा। शुभमन गिल चिल मूड में नजर आए। संजू सैमसन और तिलक वर्मा बात करते हुए एयरपोर्ट से बाहर निकले। मैच के टिकट की बिक्री शुरू हो गई है। 500 से 25 हजार रुपए तक टिकट बिक रहा है। होटल और इकाना में पुलिस अलर्ट
दोनों टीमों को एयरपोर्ट से रिजर्व बसों से कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच हयात होटल लगाया गया। होटल में खिलाड़ियों के पहुंचने से पहले सुरक्षा-व्यवस्था पुख्ता की गई। डॉग और बम स्क्वायड ने चेकिंग की। होटल के आसपास कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था है। इकाना स्टेडियम में भी पुलिस अलर्ट मोड पर है। डॉग और बम स्क्वायड ने स्टेडियम परिसर में चेकिंग की गई। खिलाड़ियों के पोस्टर और कटआउट भी स्टेडियम में लगाए गए हैं। 500 रुपए से टिकट शुरू
मैच के लिए 500 रुपए से टिकट की बिक्री शुरू हो गई है। 8,500 रुपए तक का टिकट है। इसमें हॉस्पिटेलिटी के साथ में फुल बुफे की व्यवस्था रहेगी। वीआईपी लाउंज के टिकट 25 हजार रुपए तक में मिल रहे। टिकट बुक माई शो डॉट कॉम और जोमैटो के प्लेटफॉर्म से कर सकते हैं। वहीं, इकाना स्टेडियम के बाहर काउंटर से भी लोग टिकट भी ले रहे हैं। फैंस के बीच अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या को लेकर काफी क्रेज देखने को मिल रहा। इस दौरान स्टेडियम के बाहर कई तरह के सामान भी बिक रहे हैं। हिमाचल से आई है टीम इंडिया
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में रविवार रात तीसरा टी-20 मैच खेला गया था। इस मुकाबले के बाद भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें लखनऊ के लिए उड़ान भरीं। 5 मैचों की सीरीज में अब तक 3 मुकाबले खेले जा चुके हैं। चौथे हाई वोल्टेज मुकाबले का क्रिकेट प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है। इकाना में प्रैक्टिस करेंगे खिलाड़ी
ठंड के मौसम में चौके-छक्कों की बौछार का लुत्फ लेने को क्रिकेट प्रेमी तैयार हैं। दूधिया रोशनी में 17 दिसंबर को शाम 7 बजे मैच खेला जाएगा। इस हाई वोल्टेज मुकाबले के लिए इकाना स्टेडियम में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके पहले 16 दिसंबर को दोनों टीमों का अभ्यास सत्र प्रस्तावित है। इकाना स्टेडियम की क्षमता 50 हजार दर्शकों की हैं। वरिष्ठ प्रबंध निदेशक, इकाना स्पोर्ट्स सिटी उदय सिन्हा ने बताया कि मुकाबले की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। क्रिकेट प्रेमियों का यहां एक बार फिर रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। इस मैच को लेकर सभी उत्साहित हैं। दोनों टीमें टक्कर की हैं। भारत ने 7 विकेट से जीता था तीसरा टी-20 मैच
तीसरा टी-20 मैच रविवार को धर्मशाला में खेला गया था। भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हरा दिया था। भारतीय टीम ने 118 रन का टारगेट 15.5 ओवर में तीन विकेट पर चेज कर लिया था। शिवम दुबे ने लगातार दो बाउंड्री लगाकर भारतीय टीम को जीत दिलाई थी। वे 10 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 12, अभिषेक शर्मा ने 35 और शुभमन गिल ने 28 रन बनाए थे। धर्मशाला स्टेडियम में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफ्रीकी टीम 117 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम ने महज 7 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। क्विंटन डी कॉक एक रन, रीजा हेंड्रिक्स जीरो और डेवाल्ड ब्रेविस 2 रन बनाकर आउट हुए। ऐडन मार्करम ने एक छोर से पारी संभाली, लेकिन, वे 46 बॉल पर 61 रन बनाकर आउट हो गए। डोनेवान फरेरा ने 20 रन का योगदान दिया। भारत से अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके। हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे को एक-एक विकेट मिला। जवाबी पारी में भारतीय ओपनर्स ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। अभिषेक-गिल की जोड़ी ने 31 बॉल पर 68 रन की साझेदारी कर डाली। अभिषेक (18 बॉल पर 35 रन) के आउट होने के बाद उतरे तिलक वर्मा भारत को जिताकर वापस लौटे। उन्होंने नाबाद 26 रन की पारी खेली। ————— यह खबर भी पढ़िए… लखनऊ का ग्रीन कॉरिडोर उद्धाटन से पहले ही शुरू…VIDEO:हनुमान सेतु से समतामूलक तक पुल तैयार, 5 लाख की आबादी को मिलेगा फायदा लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर का सेकंड फेज उद्घाटन से पहले शुरू हो चुका है। इस पर लगाई गई बैरिकेडिंग आम लोगों के लिए हटा दी गई हैं। इसी महीने के अंत तक यह औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा। इसके बाद 5 लाख की आबादी को फायदा मिलने लगेगा। पूरी खबर पढ़ें