लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर चलती AC बस का अचानक टायर फट गया। इसके बाद बस में भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई। हादसे के वक्त बस में 40 यात्री सवार थे, सभी बाल-बाल सुरक्षित बच गए। बस में लगी आग इतनी भयंकर थी कि धुएं का गुबार दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। यात्रियों और आसपास के लोगों ने बुझाने की कोशिश की। हालांकि, आग नहीं बुझी। इसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बस दिल्ली से गोंडा जा रही थी। हादसा रविवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा के पास हुआ। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। यात्रियों ने बताया कि बस 80 से 90 की रफ्तार में चल रही थी, तभी पीछे का टायर अचानक फट गया। कुछ ही सेकंड में धुआं उठने लगा। चालक ने बस रोकी और सभी यात्री तुरंत नीचे उतर गए। इसके थोड़ी देर बाद बस में आग भड़क गई। यात्रियों ने तुरंत पुलिस और दमकल को सूचना दी। आग लगने की सूचना पर दरोगा मोबीन अली टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां भी पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। प्रभारी निरीक्षक सतीश राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह तकनीकी खराबी मानी जा रही है। …………………………….. बस में आग लगने से जुड़ी हुई ये खबर भी पढ़ें- लखीमपुर में AC बस में आग लगी, खिड़की से कूदे यात्री लखीमपुर खीरी में डबल डेकर AC बस में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई। यात्रियों ने खिड़कियों से शीशे तोड़े और कूदकर जान बचाई। इसमें 6 लोग घायल हो गए। पढ़ें पूरी खबर