लखनऊ में तेज बारिश,प्रयागराज के 2 युवक झरने में बहे:बिजनौर की गलियों में नाव चली, आज पूरे प्रदेश में जोरदार बारिश होगी

मानसून एक बार फिर यूपी में एक्टिव हो गया है। सोमवार को पूरे प्रदेश में बादल छाए रहे। लखनऊ में रात 8 बजे मौसम बदला और गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश हुई। सुबह कानपुर, वाराणसी, बरेली, आगरा में बारिश हुई। आगरा में सड़कें तालाब बन गईं। कई चौराहों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। शाम को मेरठ, प्रयागराज और कानपुर में हल्की बूंदाबांदी हुई। चंदौली के राजदरी वाटरफॉल में नहाने गए प्रयागराज के दो युवक तेज बहाव में बह गए। पर्यटकों और वन विभाग की टीम ने उन्हें रस्सी फेंककर बचाया। उधर, पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। बिजनौर के 6 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। सड़कों पर नावें चल रही हैं। बहसूमा-ठाकुरद्वारा स्टेट हाईवे पर बीते 5 दिनों से गंगा नदी का पानी बह रहा है। सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग लगाकर हाईवे के कुछ हिस्से को बंद कर दिया गया है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 49 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 45.9 मिमी बारिश मिर्जापुर में हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार को 72 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 3 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य 380.4 मिमी के मुकाबले 271.3 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 29% कम है। बारिश-बाढ़ की तस्वीरें… लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- ओडिशा और छत्तीसगढ़ पर सक्रिय मानसूनी सिस्टम अब यूपी की ओर खिसक आया है। इसके साथ ही, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी मानसूनी हवाओं ने प्रदेश में बारिश की गतिविधियों को तेज कर दिया है। अगले 4 से 5 दिनों तक पूरे यूपी में अच्छी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आज कहां-कहां बारिश की संभावना, देखिए यूपी में मौसम के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…