लखनऊ में तेज बारिश, काशी में सड़कें तालाब बनीं:गद्दा डालकर तैरा युवक…VIDEO; कल 60 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

यूपी में मानसून फिर से एक्टिव हो गया है। लखनऊ में शनिवार रात को तेज बरसात हुई। वाराणसी में कल रात यानी 18 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। शहर की सड़कें तालाब बन गईं हैं। BHU अस्पताल परिसर में घुटनों तक पानी भर गया है। BHU सिंहद्वार पर 2 फीट जलभराव है। अस्सी से गोदौलिया जाने वाले रूट पर सीवर ओवरफ्लो होने से गलियों में गंदा पानी बह रहा है। वहीं, सनातन धर्म इंटर कॉलेज के पास जलभराव में गद्दे डालकर युवक के तैरने का वीडियो सामने आया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जलभराव के वीडियो शेयर कर सरकार पर तंज कसा है। शनिवार को अलीगढ़, प्रयागराज समेत 20 शहरों में बारिश हुई। इधर, मिर्जापुर में अहरौरा बांध के 22 गेट खोले गए। इससे सड़क पर 3 फीट पानी भर गया। सोनभद्र में भी बांध के गेट खोलने पड़े। सोनभद्र के रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र में घाघर नदी पर बने धंधरौल बांध का जलस्तर बढ़ गया। इसके बाद धंधरौल बांध पर बने 22 फाटक में से 10 फाटक खोले गए। अलीगढ़ में शाम 4 बजे तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। इधर, फर्रुखाबाद में सीता देवी नाम की महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद परिजन उसे नाव से चौघड़ा गांव लेकर आए। गांव के चारों तरफ बाढ़ का पानी है। डॉक्टरों के अनुसार, सीजेरियन डिलीवरी से सीता ने दो बेटों और एक बेटी को जन्म दिया। तीनों बच्चे और मां पूरी तरह स्वस्थ हैं। मौसम विभाग ने रविवार को 60 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा। वाराणसी की 3 तस्वीरें देखिए शुक्रवार को 52 जिलों में 4.9 मिमी बारिश हुई
शुक्रवार को नोएडा, लखनऊ, वाराणसी समेत 52 जिलों में 4.9 मिमी बारिश हुई। अमेठी में दोपहर बाद एक घंटे में 6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यहां थाना, तहसील में पानी घुस गया। लगातार बारिश से प्रदेश की नदियों में बाढ़ है। ललितपुर में बारिश के चलते 4 बांध उफना गए हैं। माताटीला, राजघाट, जामनी और भौंरट बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। UP में बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….