लखनऊ में धूल भरी आंधी के बाद बारिश:मथुरा में आंधी से योगी के कार्यक्रम का टेंट उड़ा; कानपुर-झांसी में पेड़-पोल उखड़े

यूपी में गर्मी के बीच बारिश और आंधी का सिलसिला थम नहीं रहा। मंगलवार देर शाम लखनऊ में धूल भरी आंधी चली। इस कारण विजिबिलिटी कम हो गई। वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। गोमती नगर में एक पेड़ कार पर गिर गया, जिससे गाड़ी टूट गई। ड्राइवर कार में ही बैठा था, वह बाल-बाल बच गया। बाद में बारिश भी हुई। मथुरा में दोपहर में तेज आंधी और बारिश हुई। इससे संत मलूक दास की जयंती कार्यक्रम के लिए लगाया गया टेंट उड़ गया। कार्यक्रम में सुबह मोहन भागवत शामिल हुए थे। शाम को सीएम योगी भी शामिल हुए। हालांकि, प्रशासन ने सीएम के आने से पहले ही टेंट को दुरुस्त करा दिया था। झांसी में शाम करीब साढ़े 4 बजे तेज आंधी चली। चारों तरफ धूल का गुबार छा गया। कानपुर में भी तेज आंधी के चलते जाजमऊ इलाके में रामादेवी की ओर जाने वाले वाहन काफी देर हाईवे पर ही रुके रहे, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। गाजियाबाद-नोएडा, बदायूं और हाथरस में भी तेज बारिश हुई। बदायूं में दिन में अंधेरा छा गया। आगरा में आंधी से मैरिज हॉल का गेट गिर गया, जिसमें एक ऑटो दब गया। हालांकि, ऑटो का ड्राइवर बाल-बाल बच गया। हाथरस में 40 किमी की रफ्तार से तेज आंधी चली। 10 से ज्यादा पेड़ गिर गए, बिजली के पोल और तार टूट गए, जिससे कई इलाकों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। इससे पहले, सुबह लखनऊ, मेरठ और गाजियाबाद में बूंदाबांदी हुई थी। मौसम विभाग ने आज 34 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया था। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- मंगलवार से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी। ओले भी गिरेंगे। हवा की रफ्तार 60 किमी तक पहुंचेगी। तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आएगी। 8 अप्रैल को पश्चिमी यूपी में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। 9 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही रहेगा। बारिश से पारा 4-5°C लुढ़का
बारिश और तेज हवाओं से प्रदेश के औसत तापमान में 4-5°C की गिरावट हुई है। पिछले 4 दिन की बात करें तो वाराणसी-कानपुर समेत 43 जिलों में बारिश हुई। मथुरा, संभल और जालौन समेत 10 शहरों में ओले गिरे। आंधी-बिजली गिरने से 15 लोगों की मौत हो चुकी है। अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम? मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए