लखनऊ में बॉलीवुड सिंगर अनुराग हलधर से अभद्रता:KGMU रैप्सोडी में परफॉर्म करने आए थे, पिता बोले- इवेंट मैनेजर ने गाली दी

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में एनुअल कल्चरल इवेंट रैप्सोडी के दौरान बॉलीवुड एक्टर-सिंगर अनुराग हलदर से अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप इवेंट मैनेजमेंट कंपनी पर है। घटना 11 अक्टूबर को रैप्सोडी फेस्ट के अंतिम दिन हुई। घटना के बाद सिंगर और परफॉर्मर के पिता अरुण हलदर ने इवेंट मैनेजमेंट कंपनी पर FIR दर्ज कराई है। इससे एक बार फिर KGMU के सालाना इवेंट में एक नया विवाद जुड़ गया है। विस्तार से घटनाक्रम पढ़िए कोलकाता के न्यू टाउन इलाके के निवासी अरुण हलदर की तरफ से पुलिस को दी गई कंप्लेंट के मुताबिक घटना उनके बेटे बॉलीवुड सिंगर और कंपोजर अनुराग हलदर के KGMU कैंपस में परफॉर्म करने के दौरान की है। नोएडा बेस इवेंट मैनेजमेंट कंपनी JRNY के फाउंडर यशवर्धन गोयल और विक्रांत के खिलाफ दी गयी तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया है कि परफॉर्मेंस के दौरान इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को लाइट, साउंड सहित स्टेज मैनेजमेंट का ठेका दिया गया था। इसके लिए उनकी तरफ पेमेंट भी किया गया था। पर घटना के दिन इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के इन दोनों लोगों ने उनके बेटे के साथ अभद्रता करते हुए जमकर गाली गलौच की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। कैंपस में स्टूडेंट्स को भड़काया अरुण हलदर के मुताबिक दोनों ने कैंपस में मौके पर मौजूद स्टूडेंट्स को भड़काया। जिसके बाद मेडिकल स्टूडेंट्स मारपीट पर उतारू हो गए। पीड़ित पक्ष ने खुलेआम गाली गलौच और परिवार की महिला सदस्यों के रेप करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। पेमेंट लेने के बावजूद इवेंट मैनेजमेंट कंपनी ने की अभद्रता दैनिक भास्कर से बातचीत में बॉलीवुड सिंगर और कंपोजर अनुराग हलदर ने बताया- मेरे साथ ये बेहद चौंकाने वाली घटना KGMU में इवेंट के दौरान हुई। आरोपियों ने न केवल सरेआम मेरी बेइज्जती की बल्कि परिवार समेत तबाह करने और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को लखनऊ में उन्हें परफॉर्म करना था। इसके लिए उनके स्पॉन्सर ने शेड्यूल तय किया था। उनके शो को लेकर इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को लाइट साउंड और स्टेज मैनेजमेंट का ठेका दिया गया था। इसके लिए एक लाख 30 हजार के करीब का पेमेंट भी किया गया। बावजूद इसके उनके साथ ये अप्रत्याशित घटना हुई। जिसके बाद उनके पिता ने FIR दर्ज कराई है। अब मामला कोर्ट में है। ऐसे में वो मीडिया को कोई स्टेटमेंट नहीं देना चाहते हैं। KGMU ने पूरा पेमेंट किया, विवाद की कोई जानकारी नहीं आरोपी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी JRNY के फाउंडर यशवर्धन गोयल से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया। उन्होंने फोन नहीं उठाया। इस मामले में KGMU प्रवक्ता डॉ. केके सिंह का कहना है कि चिकित्सा विश्वविद्यालय की तरफ से जो भी इवेंट कराए गए हैं। उसका पूरा पेमेंट किया गया है। आर्टिस्ट और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के बीच क्या विवाद है, इसकी कोई जानकारी नहीं है।