लखनऊ में 7वीं के छात्र की गोली लगने से मौत:दोस्त घर से बुलाकर ले गया, बर्थडे पार्टी में चली गोली

लखनऊ में 7वीं के छात्र की गोली लगने से मौत हो गई। वह अपने दोस्त का बर्थडे मना रहा था। तभी किसी दोस्त से गलती से गोली चली और उसे लग गई। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। बेहसा शहीद पथ सरोजिनी नगर के रहने वाले जमीर खान की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। उन्होंने बताया- बेटे उनैज को उसके साथी बर्थडे पार्टी मनाने की बात कहकर घर से ले गए थे। शाम करीब 7.30 बजे हम लोगों को बताया कि रोड एक्सीडेंट हो गया है। हम लोग आनन-फानन में लोकबंधु अस्पताल पहुंचे, जहां मौत की सूचना मिली। पिता का आरोप है कि बेटे के सिर पर गोली मारी है। घटना को छिपाने का प्रयास किया गया है। 2 तस्वीरें देखिए… अब घटनाक्रम विस्तार से पढ़िए… बेहसा शहीद पथ सरोजिनी नगर के रहने वाले जमीर खान का बेटा उनैज स्टेलामेरी स्कूल में 7वीं कक्षा का छात्र है। उसके क्लासमेट नवनीत का शुक्रवार को बर्थडे था। नवनीत अपने ड्राइवर के साथ दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उनैज के घर पहुंचा। कार में नवनीत के साथ कार्तिकेय और अभिनव भी थे। तीनों नवनीत के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि यहां पार्टी के दौरान गोली चली जो उनैज के माथे पर लगी। नवनीत के परिजन उनैज को तुरंत लोकबंधु अस्पताल लेकर गए, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। नवनीत के पिता संजीव त्रिपाठी ने घटना की जानकारी फोन से पुलिस और उनैज के परिजनों को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पिता बोले- टीचर मीटिंग में जान से मारने की धमकी दी मृतक के पिता जमीर खान ने पुलिस को बताया- उनैज को उसके दोस्त नवनीत, कार्तिकेय, अभिनव और नवनीत कार से अपने साथ ले गए। शाम को करीब साढ़े 7 बजे नवनीत के पिता संजीव त्रिपाठी ने वॉट्सऐप कॉल किया। बड़े बेटे उसैद ने फोन उठाया। संजीव ने फोन पर कहा- तुम्हारा भाई लोकबंधु में है। तुरंत अस्पताल आ जाओ। हम सभी लोकबंधु अस्पताल पहुंचे तो बच्चे से मिलने नहीं दिया। कुछ देर बाद पुलिस ने मृत अवस्था में बेटे को दिखाया। उसके माथे के बीच में गोली लगी थी। इन लोगों ने मेरे बेटे को मिलकर मार दिया। घटना से पहले पेरेंट्स टीचर मीटिंग में भी संजीव त्रिपाठी ने धमकी दी थी। कार से पिस्टल लेकर फ्लैट में गए बच्चे वहीं, अपार्टमेंट में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि बच्चे जन्मदिन की पार्टी कर रहे थे। कुछ लड़के फ्लैट से निकलकर नीचे पार्किंग में आए। यहां खड़ी कार में काफी देर तक बैठे रहे। कार में लाइसेंसी पिस्टल रखी थी। बच्चे उसे लेकर फ्लैट में वापस चले गए। खेल-खेल में गोली चल गई, जो बच्चे के माथे पर जा लगी। DCP निपुण अग्रवाल ने बताया- सोमवार देर शाम सूचना मिली कि 13 साल का लड़का अपने 3 दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मैं गया था। वहां एक्सीडेंटल फायर की वजह से उसकी मौत हो गई। पार्टी में मौजूद तीनों नाबालिग लड़कों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ चल रही है। मृतक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। …………………………. यह खबर भी पढ़ें लखनऊ में ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, मौत:पेट के ऊपर से निकल गया पिछला पहिया, आधार कार्ड से पहचान हुई लखनऊ में एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है। हादसा बंथरा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास हुआ।