लखनऊ GGIC में लगा करियर मेला:छात्राओं को डिजिटल मार्केटिंग, पर्यटन की मिली टिप्स, निजी संस्थान के एक्सपर्ट्स भी रहे मौजूद

लखनऊ के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सरोसा भरोसा में गुरुवार को पंख करियर मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान छात्राओं को डिजिटल मार्केटिंग, पर्यटन, नर्सिंग, फार्मेसी, टेक्नीशियन और औद्योगिक इकाइयों में रोजगार पाने के अवसर बताए गए। मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार और क्षेत्रीय सभासद आशा रावत ने करियर मेले का उदघाटन किया। स्कूल की प्रधानाचार्या अंजू सिंह के निर्देशन में लाइट हाउस कम्युनिटी फाउंडेशन के प्रतनिधियों ने छात्राओं को डिजिटल मार्केटिंग एवं विकास से जुड़े रोजगारों की जानकारी साझा की। निजी संस्थानों की ली जा रही मदद टाटा स्ट्राइव की ओर से छात्राओं को पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी से जुड़े रोजगार के अवसर बताए। चरक इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल के प्रतिनिधियों ने छात्राओं को रोजगार परक बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग ,डी फार्मा, लैब टेक्नीशियन, ICU टेक्नीशियन कोर्स की जानकारी दी। एनएफसीआई संस्थान ने इंडस्ट्रियल प्रशिक्षण के बारे में बताया। सरदार भगत सिंह संस्थान,अंबुजा फाउंडेशन ने रोजगार से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रम साझा किये। छात्राओं का मनोबल बढ़ाया डॉ.दिनेश कुमार ने छात्राओं से कहा कि तकनीकी युग में प्राप्त ज्ञान का पूरा उपयोग करें। करियर के शिखर पर पहुंच कर नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि अभावों में ही प्रतिभाएं पलती हैं, इसलिए परिस्थितियां जो भी हों वे सब कुछ हासिल कर सकती हैं। इस मौके पर शिक्षिका पूनम ओझा, अभिभावक समेत अन्य मौजूद रहे।