लखीमपुर में एक सेकेंड में 2 मकान नदी में समाए:सीतापुर में स्कूल बहा, ताजमहल तक पहुंचा यमुना का पानी; फर्रुखाबाद में 100 गांव डूबे

लखनऊ, बलिया, सोनभद्र समेत यूपी के 10 शहरों में बुधवार को बारिश हुई। लखीमपुर में शारदा नदी कटान कर रही है। यहां दो ग्रामीणों के मकान शारदा नदी में बह गए। बीते 15 दिनों में 13 मकान और एक पुराना शिव मंदिर नदी में समा चुके हैं। वहीं, सीतापुर में घाघरा नदी उफान पर है। बुधवार सुबह शुकुलपुरवा ग्राम पंचायत का प्राइमरी स्कूल 7 सेकेंड में नदी में समा गया। इस स्कूल में 146 बच्चे पढ़ाई करते थे। आगरा में बुधवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया। नदी का पानी ताजमहल की बाउंड्री तक पहुंच गया। इसके चलते सुरक्षा के लिए बनाई गई CISF की चौकी को हटाना पड़ा है। श्मशान घाट भी डूब गया है।
नदी का जलस्तर बाढ़ के चेतावनी पॉइंट 495 फीट पर पहुंच गया है। शहरी से लेकर देहात तक के 40 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, फर्रुखाबाद में गंगा और रामगंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 100 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इसी बीच गंधिया गांव में महिला को प्रसव पीड़ा हुई। परिवार ने एम्बुलेंस बुलाई, लेकिन बाढ़ का पानी रास्तों में भर जाने से एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाई। ऐसे में परिजनों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में चारपाई बिछाई, फिर उसमें महिला को लिटाकर कायमगंज CHC ले गए। वहां महिला ने बच्ची को जन्म दिया। हरियाणा के हथिनी कुंड और दिल्ली के ओखला बैराज से यमुना में पानी छोड़ा गया है, जिसके बाद मथुरा में बाढ़ आ गई। मथुरा में यमुना का पानी मानसरोवर स्थित राधारानी मंदिर तक पहुंच गया है। मंदिर के रास्ते डूब गए हैं। डीएम ने यमुना नदी में स्नान पर रोक लगा दी है। राहत-बचाव के लिए 49 बाढ़ चौकी बनाई गई है मौसम विभाग ने आज 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। पिछले 24 घंटे में 1.2 मिमी बारिश हुई। ये मौसम विभाग के औसत अनुमान 9.2 मिमी से 87% कम है। अब तक की बात करें तो प्रदेश में कुल 521.2 मिमी बारिश हुई, जो औसत अनुमान 513.7 मिमी से 1% कम है। बाढ़-बारिश और कटान की 5 तस्वीरें देखिए- कानपुर में गंगा डेंजर लेवल के करीब
कानपुर में गंगा का जलस्तर डेंजर लेवल से सिर्फ 11 सेंटीमीटर दूर है। पिछले 24 घंटे में गंगा बैराज पर 4 सेंटीमीटर पानी बढ़ा है। यहां जलस्तर 114.79 मीटर तक पहुंच गया है। पांच गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। बहराइच में खेत में काम कर रहे किसान पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर पत्नी दौड़ी और 30 मिनट तक डंडे से मारती रही। तब जाकर मगरमच्छ किसान को छोड़कर भागा। घायल किसान को CHC मिहीपुरवा में भर्ती कराया गया है। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, यूपी में मानसून अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गया है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब क्षेत्र दक्षिणी उड़ीसा और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट को पार कर चुका है। 21 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक नए वेदर सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत हैं। फिर यूपी में भारी बारिश हो सकती है। कल कैसा रहेगा मौसम? UP में बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….