लखीमपुर में तेंदुए से 15 मिनट तक युवक लड़ा, VIDEO:मुंह दबोचकर जमीन पर गिराया, ताबड़तोड़ मुक्के मारे; तेंदुआ छटपटाता रहा

लखीमपुर में एक व्यक्ति मंगलवार को तेंदुआ से करीब 15 मिनट तक लड़ता रहा। उसने मुंह दबोचकर तेंदुआ को जमीन पर गिरा दिया। फिर एक हाथ से ताबड़तोड़ कई मुक्के मारे। तेंदुआ छटपटाता रहा। लोगों ने तेंदुआ को ईंट-पत्थर मारे। चोट लगने के कारण तेंदुआ छोड़कर भाग गया। हमले में युवक भी बुरी तरह घायल हुआ है। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची। तेंदुआ खेत में छिपकर बैठा था। वन कर्मियों ने जाल बिछाया तो तेंदुए ने टीम पर भी हमला कर दिया। हमले में वन दरोगा, सिपाही और दो ग्रामीण घायल हो गए। इस घटना के ढाई घंटे बाद वन कर्मियों ने तेंदुए को ट्रेंक्यूलाइज करके उसे पकड़ लिया है। तेंदुए से लड़ने वाले युवक समेत 5 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक का तेंदुए से भिड़ने का वीडियो सामने आया है। तेंदुए से युवक के लड़ने की 2 फोटो ईंट-भट्‌ठे पर काम कर रहे थे लोग, तभी किया हमला
मामला धौरहरा वन रेंज के जुगनूपुर गांव का है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे मेड़ई लाल वर्मा के ईंट भट्ठे की चिमनी के पास कुछ लोग काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत से निकल कर आए तेंदुए ने उनपर हमला कर दिया। इनमें गांव का मिहीलाल (42) भी था। मिहीलाल डरा नहीं, वह तेंदुए से भिड़ गया। वह तेंदुए पर कूद पड़ा और अपने दोनों हाथों से उसे जकड़ लिया। युवक तेंदुए पर लद गया, उसे मुक्के मारे
तेंदुए को ईंट की ढेर पर गिराकर मिहीलाल उसके ऊपर लद गया। तेंदुए को मुक्के मारने लगा। वहीं आसपास मौजूद लोग युवक को बचाने के लिए ईंटें चलाने लगे। चोट लगने पर तेंदुआ मिहीलाल को छोड़कर खेतों की तरफ चला गया। मिहीलाल के शरीर पर कई जगह तेंदुए के पंजे के निशान हैं। तेंदुए ने वन विभाग की टीम पर भी किया हमला
सूचना पर क्षेत्रीय वन अधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम केले के खेत में घुसे तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल लेकर आगे बढ़ी तो तेंदुए ने टीम पर हमला कर दिया। हमले में वन दरोगा राजेश कुमार दीक्षित, रेंजर नृपेंद्र चतुर्वेदी, पीआरवी सिपाही राम सजीवन और गांव के इकबाल खां घायल हो गए। घायलों को पहले सीएचसी धौरहरा में भर्ती कराया गया। यहां शुरुआती इलाज के बाद मिहीलाल, इकबाल खां और वन दरोगा राजेश दीक्षित को लखीमपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रेंजर नृपेंद्र चतुर्वेदी और आरक्षी राम सजीवन को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मिहिलाल बोले- हमारी लड़ाई करीब 15-20 मिनट चली
मिहिलाल बोले- हम प्लांट पर पौधों को देखने जा रहे थे, तभी कुछ लोग कहने लगे कि तेंदुआ आया है। हम उसी रास्ते जा रहे थे, तो झांककर चिमनी के नीचे देखा। तभी वह अचानक निकलकर आया और हम पर हमला कर दिया। सबसे पहले मेरे दाहिने हाथ पर हमला किया। फिर मैंने भी उसे पकड़ लिया। करीब 15-20 मिनट तक हमारी लड़ाई चली। इस दौरान पास खड़े लोगों ने उस पर ईंट-पत्थर भी फेंके। अंत में वह घबराकर भाग गया, फिर लोगों ने मुझे अस्पताल पहुंचाया। वन रक्षक बोले- जैसे हम आगे बढ़े, तेंदुए ने हमला किया
घायल वन रक्षक राजेश कुमार दीक्षित ने बताया- हम जेठपुरा में एक तेंदुए के रेस्क्यू अभियान में लगे हुए थे, तभी रास्ते में सूचना मिली कि एक अन्य तेंदुआ भट्टे के पास देखा गया है। कुछ लोग उसके साथ छेड़छाड़ कर रहे है। हम तुरंत दो-तीन कर्मचारियों को लेकर मौके पर पहुंचे। वहां भीड़ जमा थी। पहले हमने भीड़ को हटाया। इसके बाद तेंदुआ नजर आया। वह असामान्य स्थिति में था। जब मैं और डॉक्टर उसके परीक्षण के लिए आगे बढ़े तो तेंदुए ने हमला कर दिया। हमें अस्पताल लाया गया। फिर तेंदुए को ट्रेंक्युलाइज कर रेस्क्यू किया गया। हम लगभग ढाई बजे अस्पताल पहुंचे। घटना से जुड़ी 3 फोटो देखिए… तेंदुए के हमले के बाद भट्‌ठे पर आसपास गांवों के सैकड़ों लोग जुट गए। मौके पर सीओ शमशेर बहादुर सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्रा पहुंचे। पुलिस बल तैनात किया गया है। वन विभाग और पुलिस टीम ने लोगों को तितर-बितर किया। तेंदुए से लड़ने वाले मिहीलाल के परिवार में पत्नी पुष्पा (40) के अलावा 5 बच्चे हैं। बेटा संजय (17) सबसे बड़ा है। बेटी रिंकी (15), पिंकी (12), गौरी (10) और शिवानी (8) है। DFO सौरिश सहाय ने बताया- हमला करने वाला 3 साल का नर तेंदुआ है। उसके शरीर पर कोई बड़े घाव के निशान नहीं हैं। पेट और पूंछ के पास कुछ खरोंच आई है। लखनऊ के वन्यजीव विशेषज्ञों की निगरानी में रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया चल रही है। मॉनिटरिंग की जा रही है। क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी ने बताया– तेंदुए के हमले में वन दरोगा, सिपाही और दो ग्रामीण घायल हुए हैं। मुझे भी पंजे से हल्की चोटें आई हैं। ग्रामीणों को तेंदुए से दूर रहने की सलाह दी गई है। एक्सपर्ट टीम ने तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया है। अखिलेश ने X पर लिखा- वन बचेंगे तो सब बचेंगे घटना पर अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। X पर लिखा, धौरहरा के ग्राम बबुरी स्थित ईंटें के भट्ठे पर एक तेंदुए से मुकाबला करते जो मजदूर घायल हुआ है, उसके अच्छे से अच्छे इलाज-उपचार की व्यवस्था की जाए। भाजपा राज में वनों को लूटने के लिए लगातार बढ़ता हुआ, जो बेतहाशा अतिक्रमण किया जा रहा है, उसकी वजह से ही जंगली जानवर बस्तियों में आने को मजबूर हो रहे हैं। वनों की ये लूट तभी रुकेगी, जब पर्यावरण संरक्षण की सोच वाली सरकार आएगी। वन बचेंगे तो सब बचेंगे! 24 घंटे पहले बाघ लड़के का आधा सिर खा गया, आज मौत लखीमपुर में 24 घंटे पहले बाघ ने एक 12 साल के लड़के पर हमला किया था। गोला गोकर्णनाथ थाना क्षेत्र के कुकरा गांव निवासी प्रदीप कुमार गौतम सोमवार की शाम 5 बजे अपने भतीजे के साथ बकरियों के लिए घास काटने गया था। गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने अचानक प्रदीप पर हमला कर दिया। प्रदीप की चीख सुनकर उसका भाई और आसपास के राहगीर मदद के लिए पहुंचे। शोर सुनकर बाघ झाड़ियों में भाग गया। प्रदीप को गंभीर हालत में पहले बांकेगंज सीएचसी ले जाया गया। वहां से उसे लखीमपुर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा गया। परिजनों का आरोप है कि लखनऊ मेडिकल कॉलेज में प्रदीप को उचित इलाज नहीं मिला। ताऊ राधेश्याम गौतम ने बताया, केवल एम्बुलेंस में ही आक्सीजन दी गई। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने सिर्फ ड्रिप और इंजेक्शन लगाकर छोड़ दिया। डॉक्टरों ने सुबह सर्जन के आने की बात कही। लेकिन जब सर्जन आए, तब तक प्रदीप की मौत हो चुकी थी। नौ घंटे के इलाज के बाद प्रदीप ने दम तोड़ दिया। —————————– ये खबर भी पढ़ें… युवती ने बिजनेसमैन से जबरन मांग में सिंदूर भरवाया…VIDEO, कुशीनगर में बोली- 3 साल से रिलेशन में, दो बार अबॉर्शन कराया ‘मुझसे कौन शादी करेगा। यह 3 साल से मेरे साथ रिलेशन में हैं। दो बार अबॉर्शन करा चुका है। अगर मैं आज इसके साथ ऐसा नहीं करती तो क्या करती। मेरी कोई इज्जत नहीं है। मैं अपने हक के लिए लड़ रही हूं तो गलत हो गई।’ पढ़ें पूरी खबर…