लालू प्रसाद यादव को किडनी देने वाली बेटी ने राजनीति छोड़ने की बात कही है। उन्होंने शनिवार को X पर एक पोस्ट में लिखा- ‘मैं राजनीति छोड़ रही हूं। अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं। संजय यादव और रमीज ने मुझसे यही करने को कहा था। मैं सारा दोष अपने ऊपर ले रही हूं।’ रोहिणी ने अपनी पोस्ट में ये बताने की कोशिश की है कि संजय यादव और रमीज ही पार्टी के सभी फैसले लेते हैं। RJD से राज्यसभा सांसद संजय यादव तेजस्वी के रणनीतिक सलाहकार हैं। रोहिणी ने ये फैसला लेते समय जिस रमीज का नाम लिया वो यूपी के बलरामपुर के रहने वाले हैं। अब पढ़िए, कौन है रमीज नेमत? रमीज सपा के पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर के दामाद हैं। वह RJD का सोशल मीडिया और चुनाव का कामकाज देखते हैं। उनकी पत्नी जेबा रिजवान दो बार तुलसीपुर विधानसभा से चुनाव लड़ चुकी हैं। रोहिणी के पोस्ट के बाद से ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ उनकी तस्वीरें वायरल होने लगी हैं। विवादों से रमीज का पुराना नाता तुलसीपुर तहसील के भंगहाकला गांव के रहने वाले रमीज पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन पर 2021 पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा, आगजनी और बलवे का केस लगा। हालांकि, वह बाद में कोर्ट से दोषमुक्त हो गए। रमीज 2022 तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू हत्याकांड में नामजद आरोपी हैं। इस मामले में उन पर एनएसए और गैंगस्टर एक्ट लगा। कौशांबी के कोखराज थाने में भी रमीज पर हत्या का केस दर्ज है। लंबे समय तक बलरामपुर जेल में रहने के बाद वह अप्रैल 2025 में जमानत पर रिहा हुए। रमीज के नाम के साथ रोहिणी आचार्य के सार्वजनिक आरोपों ने अब एक नया राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। इसके बाद लालू परिवार की अंदरूनी खींचतान, चुनावी रणनीति और बाहरी दखल की चर्चा हो रही है। अब संजय यादव के बारे में पढ़िए संजय यादव हरियाणा के महेंद्रगढ़ के रहने वाले हैं। वह तेजस्वी यादव के सबसे भरोसेमंद रणनीतिकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में एमएससी और इसके बाद एमबीए किया है। रणनीति बनाने में उनकी पकड़ बेहद मजबूत बताई जाती है। राजनीति में आने से पहले वे एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। वह 2024 से राजद से राज्यसभा सांसद हैं। ………………………………….. ये खबर भी पढ़ें… बिहार जीत पर रवि किशन बोले- ‘बम-बम जीत बा’, महादेव क डमरू आज एकदम गड़ गड़ गड़ गड़ बाजे लागल…देखिए VIDEO बिहार में एनडीए को बड़ी और एकतरफा जीत मिली है। इस जीत के बाद गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का धन्यवाद किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने बिहार की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास की जीत है। रवि किशन ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताया। उन्होंने कहा कि बिहार ने विकास और बेहतर भविष्य के लिए वोट किया है। पढ़ें पूरी खबर…