संभल में वर्दी में मुस्लिम बुजुर्ग के पैर छूने वाले इंस्पेक्टर का गुरुवार को ट्रांसफर कर दिया गया। मामले का वीडियो बुधवार को सामने आया था। इसके बाद आज एसपी केके बिश्नोई ने सुधीर पंवार को कोतवाली से थाना असमोली भेज दिया। उनकी जगह इंस्पेक्टर मोहित चौधरी को संभल कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है। दरअसल, पप्पू यादव के खिलाफ मंगलवार को हिंदू संगठन ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान उनकी इंस्पेक्टर सुधीर पंवार से बहस हुई थी। इसके बाद हिंदू संगठन के नेताओं ने थाने का घेराव किया था। इंस्पेक्टर सुधीर पर कार्रवाई की मांग की थी। इंस्पेक्टर का यह वीडियो चेहल्लुम जुलूस का बताकर शेयर किया गया था, जोकि मोहर्रम का निकला। अब पूरा मामला सिलसिलेवार पढ़िए… पप्पू यादव के खिलाफ प्रदर्शन में हुआ विवाद बजरंग दल के जिला संयोजक नितिन शर्मा समर्थकों संग शंकर इंटर कॉलेज चौराहे पर मंगलवार दोपहर सांसद पप्पू यादव के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। कार्यकर्ता राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर संसद में किए गए प्रदर्शन का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान इंस्पेक्टर सुधीर पंवार मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों को डांटा, जिला संयोजक के हाथ से बैनर छीन लिया। धक्का-मुक्की करते हुए उन्हें पुलिस वाहन में बैठा लिया था। बाद में हालात बेकाबू होने पर सीओ संभल कुलदीप कुमार को भी मौके पर जाना पड़ा था। थाने में धरना, हनुमान चालीसा पढ़ी गई घटना के बाद बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार दोपहर को कोतवाली परिसर में धरना दिया था। हनुमान चालीसा का पाठ भी किया था। प्रदर्शन के दौरान इंस्पेक्टर और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई थी। विवाद के अगले दिन बुधवार को इंस्पेक्टर सुधीर पंवार का एक वीडियो सामने आया। इसमें वह वर्दी में मोहल्ला महमूद खां सराय निवासी नवाब बंदु के पैर छूते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। हिंदुओं का उत्पीड़न किया और जिहादियों के पैर छुए इंस्पेक्टर के वीडियो पर बजरंग दल के जिला संयोजक नितिन शर्मा ने कहा- वर्दी पहनते समय शपथ दिलाई जाती है कि पुलिसकर्मी किसी के आगे नहीं झुकेंगे। शर्मा ने आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर ने हिंदू समाज का उत्पीड़न किया और “जिहादियों” के पैर छुए, जिससे हिंदू समाज का मनोबल गिरा है। ‘अपराधी किस्म और राजनीतिक व्यक्ति के पैर छू रहे’ नितिन शर्मा ने कहा, सीएम योगी संभल को “जिहादियों से मुक्त” कर रहे हैं। प्रदेश में तीर्थों का जीर्णोद्धार हो रहा। जहां भगवान विष्णु के दसवें अवतार भगवान श्री कल्कि का अवतार होगा, वहां का इंस्पेक्टर अपराधी किस्म और राजनीतिक व्यक्ति के पैर छू रहे हैं। ऐसे इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें किसी भी थाने का चार्ज न देकर पुलिस लाइन भेजा जाना चाहिए। उन्होंने सुधीर पंवार को थाना असमोली का चार्ज दिए जाने को भी गलत बताया। वहीं, इंस्पेक्टर को हटाए जाने पर विहिप जिलाध्यक्ष आशु गर्ग ने एसपी केके बिश्नोई का आभार व्यक्त किया। —————————– ये खबर भी पढ़ें… प्रतापगढ़ में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत:माता-पिता, बेटा-बहू और 2 बच्चों की गई जान प्रतापगढ़ में लगातार बारिश से बुधवार देर रात 100 साल पुराना मकान ढह गया। हादसे में एक परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें माता-पिता, बेटा, छोटी बहू और उसके दोनों बच्चे हैं। रात में गर्मी और उमस थी। इसलिए परिवार के 7 लोग AC वाले कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान रात 2 बजे अचानक घर की छत ढह गई। सभी लोग मलबे में दब गए। एक बेटा कमरे के किनारे सो रहा था। वह जैसे-तैसे मलबे से बाहर निकल आया। पढ़ें पूरी खबर…