वाराणसी में बम की धमकी पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग:हैदराबाद से आ रहा थी; एयरपोर्ट और डिपार्चर एरिया खाली कराया

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हैदराबाद से आ रही एक विमान में बम होने की सूचना मिली। विमान से वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को बम थ्रेट कॉल का सिग्नल मिला, जिसके बाद इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-719 हैदराबाद से वाराणसी आ रही थी। विमान में कुल 230 यात्री सवार थे। फ्लाइट की निर्धारित लैंडिंग शाम 5 बजकर 56 मिनट पर थी। इसी दौरान विमान के वॉशरूम में एक कागज मिला, जिस पर बम होने की बात लिखी हुई थी। सूचना मिलते ही ATC ने इमरजेंसी लैंडिंग की तैयारी शुरू कर दी। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। एयरपोर्ट परिसर को खाली कराया गया, वहीं डिपार्चर एरिया भी पूरी तरह खाली करा लिया गया। एयरपोर्ट पर ATS, STF, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कई एंबुलेंस भी एयरपोर्ट पर तैनात कर दी गईं। सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई जानी है। यात्रियों और विमान की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। 2 फोटो देखिए… खबर अपडेट की जा रही है…