वृंदावन के हर एंट्री पॉइंट पर वाइन शॉप:धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था- एक साल में बंद कराएं, दुकानदार बोले- लाइसेंस है, दूसरी जगह बताएं

मथुरा के वृंदावन में शराब की दुकानों को बंद कराने को लेकर हंगामा हुआ। कुछ हिंदूवादी युवक सोमवार को प्रेम मंदिर के पीछे सुनरख तिराहा पर स्थित वाइन शॉप पर पहुंचे। वहां हंगामा करते हुए दुकान का शटर बंद कर दिया। यह हंगामा क्यों हुआ, युवक क्यों वाइन शॉप बंद कराने पहुंचे थे? ये जानिए दैनिक भास्कर की इस खास रिपोर्ट में… सनातन हिंदू एकता पदयात्रा के समापन पर 16 नवंबर को धर्म सभा में पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मंच पर मौजूद धर्माचार्य, साधु संत और सभा में मौजूद लोगों से आह्वान किया था कि बाबा प्रेमानंद जिस रास्ते से पदयात्रा करते हैं, उस पर शराब की दुकानें हैं। इसी तरह प्रियकांत जू मंदिर से कुछ दूरी पर शराब की दुकान है। यह दुकान एक साल में बंद होनी चाहिए। इसके लिए दुकान वालों के हाथ जोड़ो, पैर छूने पड़े तो वह भी करेंगे। धीरेंद्र शास्त्री के इसी बयान के 24 घंटे बाद सोमवार देर शाम कुछ युवक प्रेम मंदिर के पीछे सुनरख तिराहा पहुंचे। यहां वाइन शॉप पर हंगामा किया और वाइन लेने आए लोगों को डांटकर भगा दिया। इसके बाद युवकों ने वाइन शॉप का शटर बंद कर दिया। कहा- लोग यहां ब्रज की रज लेने आते हैं, तुम्हें शर्म नहीं आती, यहां शराब बेच रहे हो। इसके बाद वह कहते हैं इस पावन धरती पर भगवान श्री कृष्ण ने जन्म लिया है। पुलिस के सामने करते रहे हंगामा वाइन शॉप बंद कराने गए युवकों ने गाली-गलौज भी की। इसी तिराहे पर मौजूद पुलिस कर्मियों के पास जाकर कहा कि शटर मैंने डाउन कर दिया है। इसी दौरान एक युवक कहता है कि बागेश्वर धाम सरकार ने भी बोला है, तभी दूसरा युवक कहता है कि यह खुल नहीं जाना चाहिए। सुनरख में जहां हंगामा, वहां से गुजरते हैं प्रेमानंद महाराज सुनरख तिराहा पर जहां वाइन शॉप है, वहां से संत प्रेमानंद महाराज रोज पदयात्रा करते हुए निकलते हैं। इसका जिक्र बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर ने अपने बयान में भी किया। हंगामा करने वाले युवकों का कहना है इस ठेके से वृंदावन धाम में आने वाले भक्तों की भावना आहत होती है। संत प्रेमानंद महाराज जब यहां से पदयात्रा करते हुए जाते हैं तो उनके मन पर क्या गुजरती होगी। वाइन शॉप वाले बोले- लाइसेंस है, दूसरी जगह बता दीजिए वाइन शॉप पर मौजूद युवक जितेंद्र कुमार ने बताया- इस जगह ठेके का लाइसेंस आबकारी विभाग ने दिया। इसकी लाइसेंस फीस 70 लाख रुपए दी। जितेंद्र ने कहा कि अगर विरोध था तो यहां सरकार ने क्यों खुलवाया। इसमें हमारी क्या गलती है। हमको दूसरी जगह बता दें, वहां खोल लेंगे। आबकारी विभाग की तरफ से अभी कुछ नहीं कहा गया है। कुछ लोग ज्यादा आतंक कर रहे हैं। प्रतिबंधित क्षेत्र से बहार हैं शॉप वाइन शॉप के हो रहे विरोध को लेकर जब आबकारी अधिकारी से जानकारी करने का प्रयास किया तो वह ऑफिस में नहीं मिले और न उनसे फोन पर संपर्क हो सका। आबकारी ऑफिस पर मौजूद एक कर्मी ने नाम न लिखने की शर्त पर बताया कि जो वाइन शॉप हैं, वह प्रतिबंधित क्षेत्र से बहार हैं। वृंदावन तीर्थ स्थल घोषित है। यहां शराब और मांस की बिक्री पर रोक करीब 65 वर्षों से ज्यादा समय से लगी है। शराब के ठेके कहां, जानिए वृंदावन में आने के 4 रास्ते हैं। पहला रास्ता दिल्ली आगरा नेशनल हाईवे से छटीकरा होते हुए वृंदावन आता है। यहां वाइन शॉप मौजूद है। दूसरा रास्ता जैंत कट से आता है। यहां हाईवे पर ही इस वर्ष नई वाइन शॉप खोली गई है। इसके बाद सुनरख गांव और सुनरख तिराहा पर भी वाइन शॉप है। तीसरा रास्ता मथुरा से आता है, जहां धौरेरा गांव के पास वाइन शॉप है। चौथा रास्ता एक्सप्रेस वे से आता है, जहां यमुना पुल से पहले वाइन शॉप है। —————————- ये खबर भी पढ़ें…. शादी से 20 दिन पहले किया गर्लफ्रेंड छात्रा का मर्डर:इंस्टाग्राम पर 13 बार यूजरनेम बदला, मोबाइल फॉर्मेट किया; प्रयागराज के शातिर फौजी की कहानी प्रयागराज में फौजी ने 17 साल की छात्रा की हत्या अपनी शादी से 20 दिन पहले कर दी। 10 नवंबर को शहर से 15Km दूर बाग में छात्रा को मारकर लाश को जमीन में गाड़ दिया। 5 दिन बाद कुत्तों ने जमीन खोद डाली। छात्रा के हाथ और सिर के बाल दिखने लगे। यही वो यू-टर्न था, जिससे पुलिस छात्रा की लाश तक पहुंच सकी। पढ़ें पूरी खबर…