बदायूं में शनिवार रात 11 बजे युवक ने अपनी नाबालिग प्रेमिका का गला घोटकर मार डाला। युवक की दूसरी जगह शादी तय होने से प्रेमिका नाराज थी। युवक की सगाई होने पर प्रेमिका का उससे झगड़ा हुआ था। इसके बाद से वह युवक से शादी की जिद कर रही थी। प्रेमिका शनिवार सुबह 10 बजे नागरझूना स्थित कॉलेज से 12वीं की टीसी लेने के बहाने घर से निकली। वह सीधे अपने प्रेमी के पास पहुंची। युवक बहाने से प्रेमिका को मक्के के खेत में ले गया। जहां उसी के दुपट्टे से ही प्रेमिका का गला कसकर हत्या कर दी। घटना बिल्ली के रामपुर टांडा गांव की है। परिवार के शक पर पकड़ा गया प्रेमी प्रेमिका शनिवार देर शाम तक अपने घर नहीं पहुंची तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी ढूंढने के बाद पता नहीं चलने पर पुलिस में प्रेमी के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने प्रेमी को उसके घर से हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। इस दौरान उसने प्रेमिका की हत्या कबूल कर ली। आरोपी युवक के बताने पर पुलिस उसे लेकर खेत पर पहुंची। वहां से प्रेमिका का शव भी बरामद किया। प्रेमी का नाम जोगेंद्र (19) है। वह बीए सेकेंड इयर का छात्र है। जबकि, प्रेमिका अभी नाबालिग है। उसने इसी साल इंटर पास कर बीए में एडमिशन लिया था। दोनों के घर के बीच की दूरी 100 मीटर है। 3 साल से था दोनों का अफेयर पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी जोगेंद्र और लड़की का करीब 3 साल से अफेयर चल रहा था। 3 महीने पहले ही जोगेंद्र की शादी हयातनगर में तय हुई थी। जून में उसकी सगाई हुई थी। जोगेंद्र की शादी तय होने के बाद से ही दोनों फोन पर भी झगड़ा करते थे। जोगेंद्र अपने परिवार के मुताबिक शादी करना चाह रहा था। लेकिन प्रेमिका उस पर शादी का दबाव बना रही थी। प्रेमिका के परिवार वालों को भी दोनों के रिश्ते की जानकारी थी। लड़की के घरवाले बोले- युवक का पिता भी हत्या में शामिल प्रेमिका के घरवालों ने बताया- जोगेंद्र लंबे समय से उनकी बेटी को परेशान करता था। उसका पीछा भी करता था। इस बात की शिकायत कई बार उसके पिता हरपाल से भी की गई थी। लेकिन उन्होंने अपने बेटे को रोकने के बजाय मामले को नजरअंदाज किया। परिवार ने जोगेंद्र के साथ उसके पिता पर भी हत्या में शामिल होने का शक जताया है। लड़की अपने तीन भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटी थी। दो बहनों की शादी हो चुकी है। पिता और भाई खेती-किसानी करते हैं। पुलिस ने आरोपी जोगेंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। SP देहात ह्रदेश कठेरिया ने बताया- आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है। उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पिता पर लगे हत्या के आरोप की भी जांच की जा रही है। युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। ………………… यह खबर भी पढ़ें- पति को बाथरूम में दफनाया, घूंघट से मुंह छिपाती रही:आगरा में पत्नी जेल भेजी गई, डेढ़ फीट का गड्ढा खोदकर लाश गाड़ी थी यूपी के आगरा में पति को बाथरूम में दफनाने वाली पत्नी को शनिवार शाम 5 बजे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जेल जाते वक्त रूबी घूंघट में मुंह छिपाती रही। उसने करीब एक फीट लंबा घूंघट कर रखा था। पुलिस पूछताछ में रूबी ने बताया कि पति सुरेंद्र शराब पीकर उसे मारता-पीटता था। वह 16 साल से परेशान थी। इसलिए उसने पति के खाने में नींद की गोलियां पीसकर मिला दीं। रात करीब 3 बजे उठी तो देखा कि उनकी सांसें नहीं चल रही थीं। यहां पढ़ें पूरी खबर