शादी से लौट रहे फौजी समेत 3 दोस्तों की मौत:अमेठी में बुलेट ट्रक से टकराई, 10 फीट दूर गिरे, सिर फट गए

अमेठी में ट्रक और बुलेट की टक्कर हो गई। हादसे में फौजी समेत तीन दोस्तों की मौत हो गई। तीनों शादी समारोह से लौट रहे थे। बुलेट की स्पीड 100 के करीब थी। ट्रक सड़क पर खड़ा था।उन्होंने बचने के लिए बुलेट की ब्रेक मारी, लेकिन डीसीएम से टक्कर हो गई। युवक छिटककर सड़क पर करीब 10 फीट दूर गिरे। तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं। दो की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ा। बुलेट सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था। मृतकों की पहचान महाराजपुर निवासी फौजी उत्कर्ष सिंह (32), बजरंग सिंह (25) और अंशु सिंह (29) के रूप में हुई है। हादसा शुक्रवार रात 12 बजे पीपरपुर थाना क्षेत्र के थौरा गांव के पास हुआ। हादसे के बाद डीसीएम ड्राइवर भाग गया। हादसे की तस्वीरें देखिए… जानकारी के मुताबिक, एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। बारात पीपरपुर थाना क्षेत्र के हारीपुर गांव गई थी। देर रात जब ये तीनों युवक थौरा गांव के पास पहुंचे, तो उनकी तेज रफ्तार बुलेट बाइक सामने खड़ी डीसीएम से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतकों में उत्कर्ष सिंह सेना के जवान थे और उनकी तैनाती कश्मीर में थी। वह 21 नवंबर की दोपहर को इसी शादी समारोह में शामिल होने अपने गांव आए थे। ग्रामीणों के अनुसार, यह हादसा रात करीब 12 बजे हुआ था। बुलेट की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण यह भीषण टक्कर हुई। पुलिस ने मामले में विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।