शाहजहांपुर में 125-फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा युवक:मोबाइल छिनैती पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज; 16 घंटे से मान-मनौव्वल कर रही पुलिस

शाहजहांपुर में 21 वर्षीय युवक गुरुवार रात करीब 10 बजे 125 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। हरियाणा में मोबाइल छिनैती के मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज युवक पिछले 16 घंटे से अधिक समय से टॉवर पर बैठा है। पुलिस-प्रशासन के साथ ही परिजन भी उसे मनाने में जुटे हैं, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं है। वह कभी सीबीआई जांच तो कभी आर्मी तो कभी राष्ट्रपति को बुलाने की जिद कर रहा। मामला जिला मुख्यालय से 28 किलोमीटर दूर तिलहर थाना क्षेत्र के कछियानी खेड़ा के पास का है। युवक की पहचान कटरा थाना क्षेत्र के बंशसान मोहल्ला निवासी आकाश (21) के रूप में हुई है। वह पिछले एक साल से हरियाणा की एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था। गुरुवार दोपहर 1 बजे वह हरियाणा जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन ट्रेन पकड़ने की बजाय रात करीब 10 बजे घर से 20 किलोमीटर दूर एक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। तस्वीरें देखिए- पूरा मामला जानिए– कटरा थाना क्षेत्र के बंशसान मोहल्ला निवासी आकाश (21) करीब एक वर्ष से हरियाणा की एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था। वह 7 जुलाई को घर लौटा था। गुरुवार को उसे वापस हरियाणा जाना था। परिजनों के मुताबिक, वह दोपहर 1 बजे ट्रेन पकड़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन ट्रेन में सवार होने की बजाय रात करीब 10 बजे तिलहर थाना क्षेत्र के कछियानी खेड़ा के पास एक मोबाइल टावर के शीर्ष पर चढ़ गया। आसपास के लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने नीचे उतरने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। सूचना मिलने पर रात 11:30 बजे एसपी ग्रामीण, सीओ तिलहर इशिता सिंह, थाना प्रभारी प्रिंस शर्मा समेत पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी समझाने के बावजूद युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद रात करीब 12 बजे पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। रात करीब 1 बजे आकाश के पिता गुड्डू यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाउडस्पीकर से बेटे को पुकारते हुए कहा, “मेरे लाल, नीचे आ जाओ।” इसके बावजूद आकाश नहीं माना। एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम, एंबुलेंस और अन्य राहत दल भी मौके पर तैनात हैं। पुलिस लगातार युवक से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक, हरियाणा में उसका मोबाइल छीन लिया गया था। इस मामले में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने से वह नाराज था। वह कार्रवाई की जिद पर अड़ा है। पहले उसने CBI जांच की मांग की, फिर आर्मी को बुलाने की बात कही और फिर राष्ट्रपति को मौके पर बुलाने की जिद करने लगा। टिफिन लेकर चढ़ा, अब तक पानी भी नहीं मांगा स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक टिफिन लेकर टावर पर चढ़ा था। रात से अब तक उसने पानी भी नहीं मांगा है। वह टावर के ऊपरी हिस्से पर बैठा हुआ है। 6 भाई और 2 बहनों में दूसरे नंबर पर आकाश छह भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर है। पिता गुड्डू यादव खेती-बाड़ी करते हैं। मां अनीता गृहिणी हैं। गुड्डू यादव का कहना है, “मेरे बेटे की मानसिक हालत ठीक है। हरियाणा में उसके मोबाइल और कुछ रुपए को लेकर विवाद हुआ था। उसी के बाद से वह परेशान चल रहा था।” सीओ बोलीं- सुरक्षित नीचे उतारना प्राथमिकता सीओ तिलहर इशिता सिंह ने बताया- शुरुआती जांच में हरियाणा में मोबाइल विवाद की बात सामने आई है। युवक से ठीक तरह से बातचीत नहीं हो पा रही है, इसलिए उसकी नाराजगी की पूरी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की पहली प्राथमिकता उसे सुरक्षित नीचे उतारना है। —————————— ये खबर भी पढ़िए- प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या:कौशांबी में मां को आखिरी कॉल- बचा लो…ये लोग मुझे मार डालेंगे
कौशांबी में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। प्रेम-प्रसंग के चलते 19 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। युवक गुरुवार रात चोरी-छिपे अपनी 16 वर्षीय प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था, जहां युवती के परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि युवती के परिजनों ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ने के बाद बेरहमी से पीटा और घर के बाहर फेंक दिया। पूरी खबर पढ़िए…