शाहबाद नगर और आसपास के गांवों में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ होलिका दहन किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में होली के रंगोत्सव की शुरुआत हो गई है। होलिका दहन से पूर्व नगरवासियों और ग्रामीणों ने होलिका की पूजा-अर्चना की। उन्होंने कपड़ा, नारियल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही होलिका के दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। इस वर्ष चंद्र ग्रहण के कारण क्षेत्र में होलिका दहन अलग-अलग दिनों पर संपन्न हुआ। धार्मिक मान्यताओं का पालन करते हुए, नगरवासियों और ग्रामीणों ने एहतियात के तौर पर रंगोत्सव को एक दिन के लिए टाल दिया था। अब आज (मंगलवार) पूरे क्षेत्र में धूमधाम से रंग-गुलाल के साथ होली खेली जाएगी। होलिका दहन के सभी स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।