उत्तर प्रदेश के संभल जिले के थाना असमोली क्षेत्र में शनिवार शाम एक सड़क हादसा हुआ। गांव सेंधरी तेलीपुरा के पास गुमसानी से आ रही बाइक और हरथला की ओर से आ रही स्कूटी में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार भाई-बहन अरुण और सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर सवार तीन लोगों को भी मामूली चोटें आईं। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। घायल सुनीता अपने भाई की चिंता करते हुए ग्रामीणों से कहती रही कि पहले उसके भाई की पट्टी कर दें, क्योंकि उसे ज्यादा चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पहुंची थाना असमोली पुलिस ने सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार अभी तक किसी ने इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।