सहारनपुर में सोमवार शाम को छत्रपति शिवाजी सेना के कार्यकर्ताओं ने पशु तस्करी का मामला पकड़ा है। नागल-देवबंद स्टेट हाईवे पर गांव साधारणसिर के पास एक ढाबे पर खड़े कंटेनर को संगठन के कार्यकर्ताओं ने रोका। कंटेनर में भैंस के कटड़े भरे हुए थे। ये सभी मेरठ के सरधना से सहारनपुर की मीट फैक्ट्रियों में भेजे जा रहे थे। कंटेनर से 129 कटड़े बरामद किए गए। इनमें से 21 कटड़ों की मौत हो चुकी थी। कई कटड़े दम घुटने से खून से लथपथ मिले। कार्यकर्ताओं ने मौके से चालक समेत तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। शिवाजी सेना के जिलाध्यक्ष देवांग चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। थाने पर कार्यकर्ताओं ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। एसडीएम युवराज सिंह और सीओ देवबंद रविकांत पाराशर पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने भीड़ को शांत कराया। घायल कटड़ों का तत्काल उपचार कराया गया। पुलिस ने जिलाध्यक्ष देवांग चौधरी की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। कंटेनर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सहारनपुर की किन मीट फैक्ट्रियों में इस तरह की तस्करी होती है। सहारनपुर में इससे पहले भी कई बार भैंस के कटड़ों की तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं। हिंदू संगठनों ने प्रशासन से इस अवैध कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।