यूपी के 20 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। फर्रुखाबाद में भाजपा सांसद मुकेश राजपूत की बहू कमलेश कुमारी ने बैलगाड़ी से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। पीड़ित परिवारों को लंच पैकेट, बूंदी, नमकीन और बिस्कुट वितरित किए। वहीं, फर्रुखाबाद में अस्पताल जा रही गर्भवती महिला की नाव पर ही मौत हो गई। मड़इया गांव बाढ़ के पानी से घिरा है। ऐसे में परिजनों ने प्रसव पीड़ा होने पर नाव से आशा कार्यकर्ता को बुलाया। आशा कार्यकर्ता ने जांच के बाद अस्पताल ले जाने को कहा। पति और आशा कार्यकर्ता जमुना को नाव में लिटाकर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। फतेहपुर में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। 10 से अधिक गांवों में पानी घुस गया। करीब 600 बीघा से ज्यादा फसलें बर्बाद हो गई हैं। आज पश्चिम यूपी के 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 0.8 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 8.8 मिमी से 91% कम है। 1 जून से अब तक प्रदेश में 516.2 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य 488.9 मिमी से 6% अधिक है। लखनऊ के मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में मानसून अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गया है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब क्षेत्र दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट को पार कर चुका है। इन्हीं वजहों से उत्तर प्रदेश में अगले 3-4 दिनों तक मानसून की सक्रियता कम रहेगी। UP में बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….