हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटर सोमवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हैं। औद्योगिक क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 50-50 हजार रुपए के इनामी सुमित और मोहित को ढेर कर दिया। दोनों तरह से 20 से ज्यादा गोलियां चलीं। गोगी गैंग के शूटर बताए जा रहे हैं। दोनों सोनीपत के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, अंकित की हत्या के बाद दोनों बागपत के रास्ते लोनी की ओर भागे थे। सोमवार सुबह दोनों औद्योगिक क्षेत्र से होते हुए सोनीपत जाने की कोशिश में थे। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों बदमाश अंकित हत्याकांड में शामिल थे। मौके से हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों को 20 से ज्यादा गोलियां लगी हैं। 4 शूटरों ने की थी अंकित की हत्या पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या में चार शूटर शामिल थे। इनमें सुमित और मोहित को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। अब सत्यम और आर्यन की तलाश की जा रही है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। CCTV से मिली थी शूटरों की लोकेशन अंकित की हत्या के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर शूटरों की तलाश शुरू की थी। जांच में उनके बागपत और लोनी की ओर भागने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी थी। सोमवार सुबह पुलिस को दोनों के औद्योगिक क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। टीम ने घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों घायल हुए और बाद में उनकी मौत हो गई। खबर अपडेट की जा रही है…