सीतापुर के भाजपा विधायक भावुक, डॉक्टर बेटी रोती रहीं:25 महिलाओं से शादी करने वाले समधी से रिश्ता तोड़ा, बोले- उस दरिंदे को फांसी हो

सीतापुर से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने समधी अनुज त्रिवेदी पर 25 शादियां कर ठगी करने के आरोपों पर चुप्पी तोड़ी। गुरुवार को वह बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी के साथ फेसबुक पर लाइव आए। ज्ञान तिवारी ने कहा- मैं आज विधायक के रूप में नहीं, बल्कि एक पिता के तौर पर बेटी के लिए बोल रहा हूं। मैंने बेटी को एमबीबीएस डॉक्टर बनाया। उसकी शादी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर त्रिवेदी से कराई। बाद में पता चला कि अनुज अलग-अलग नामों से कई महिलाओं से शादी करने और ठगी के आरोप में जेल भी जा चुका है। आज हम खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। मेरी बेटी के साथ अन्याय हुआ है। अगर मेरी बेटी चाहेगी, तो मैं भी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराऊंगा। निश्चित तौर से वह दुष्ट व्यक्ति है। उसे फांसी होनी चाहिए। इस दौरान विधायक भावुक हो गए। उनकी बेटी प्रज्ञा भी रोने लगीं। दरअसल, महाराष्ट्र पुलिस ने 24 मई, 2026 को अनुज त्रिवेदी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया। उस पर वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए 25 महिलाओं से शादी कर करोड़ों की ठगी का आरोप है। फिलहाल अनुज त्रिवेदी महाराष्ट्र की जेल में बंद है। अनुज के बेटे प्रखर से प्रज्ञा की 2024 में शादी हुई थी। पहले जानिए विधायक ने वीडियो में क्या कहा सीतापुर की सेवता विधानसभा से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी गुरुवार को दोपहर करीब 1 बजे अपनी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी के साथ करीब 4 मिनट के लिए फेसबुक पर लाइव आए। विधायक ने कहा- 2024 में मैंने अपनी बेटी प्रज्ञा की शादी सीतापुर जिले के मिश्रिख में अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर के साथ की थी। हमने कई लोगों से जानकारी ली थी। पूर्व सांसद जनार्दन मिश्रा जी से भी पूछकर हमने यह शादी की थी। लेकिन आज हमें महसूस हो रहा है कि जिस बेटी को हमने एमबीबीएस डॉक्टर बनाया, पढ़ाया-लिखाया और इतना बड़ा किया, उस बेटी का पिता होने के बावजूद कहीं न कहीं हमसे कमी रह गई। हम खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। ‘अनुज त्रिवेदी के खिलाफ FIR दर्ज कराऊंगा’ विधायक ज्ञान तिवारी ने कहा- हमें जानकारी हुई है कि अनुज त्रिवेदी पर अलग-अलग नामों से कई मुकदमे दर्ज हैं। उसने कई महिलाओं से शादी की और पैसे ठगे। इन्हीं मामलों में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई हैं। वह जेल भी जा चुका है। मेरी बेटी चाहेगी तो मैं भी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराऊंगा। उसने जिस तरह से गुमराह किया, उसके खिलाफ 2016, 2018, 2020, 2021 और 2022 तक तीन-चार मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। निश्चित तौर पर वह दुष्ट व्यक्ति है। किसी भी कीमत पर ऐसे व्यक्ति को बचना नहीं चाहिए। उसे सलाखों के पीछे ही रहना चाहिए। अगर उसके बेटे का भी इस मामले में हाथ है तो उसे भी जेल जाना चाहिए। उसके खिलाफ भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ‘बेटी अब हमेशा मेरे साथ रहेगी’ विधायक ने कहा कि मेरी बेटी अपने पैरों पर खड़ी है। मैंने उसे एमबीबीएस डॉक्टर बनाया है। वह अपने दम पर अपना जीवन-यापन कर सकती है। मैं उसके लिए अलग घर भी बनवाऊंगा। मेरी बेटी अपने पैरों पर खड़ी है। जब तक मैं जीवित हूं, वह मेरे ही घर में रहेगी। यह मेरा वचन है। मेरे दो बेटे हैं और तीसरी मेरी बेटी है। लेकिन मेरे साथ जो धोखा हुआ। हमें यह नहीं बताया गया कि अनुज त्रिवेदी रियल एस्टेट का काम करते हैं। इस तरह के मामलों में उनका नाम रहा है। हमने सोचा कि उनका छोटा परिवार है। मेरी बेटी डॉक्टर है, खुद कमाती है, इसलिए परिवार अच्छा रहेगा। हमें परिवार देखकर सब ठीक लगा, लेकिन हम यह नहीं समझ पाए कि पहले उसका चरित्र और पृष्ठभूमि कैसी रही है। अगर सीतापुर, लखनऊ या आसपास कहीं उसके खिलाफ मुकदमे होते या उसने किसी से ठगी की होती, तो शायद हमें जानकारी मिल जाती। ‘उस परिवार से हमारा कोई संबंध नहीं’ 2024 में शादी हुई और उससे पहले हमारा उस परिवार से कोई परिचय भी नहीं था। इसी कारण मैं अपनी बेटी से भी कह रहा हूं कि वह अनुज त्रिवेदी के खिलाफ यह कहते हुए मुकदमा दर्ज कराए कि उसके साथ भी धोखा हुआ है। मैं फिर कहना चाहता हूं कि ऐसे दुराचारी लोग, जिन्होंने महिलाओं का सम्मान नहीं किया, महिलाओं को ठगा या उनके साथ गलत किया, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यही मेरी मांग है। वह अभी सलाखों के पीछे है। उसके खिलाफ कार्रवाई हो रही है। जहां तक मेरा सवाल है, मेरा उस परिवार से अब कोई लेना-देना नहीं है। वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए ठगी करता था अनुज अनुज त्रिवेदी मिश्रिख क्षेत्र के चंद्रावल गांव का रहने वाला है। महाराष्ट्र पुलिस ने अनुज त्रिवेदी को 24 मई को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया था। उस समय वह चंद्रप्रकाश त्रिवेदी के नाम से फर्जी पहचान बनाकर रह रहा था। उस पर वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए 25 महिलाओं को शादी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, अनुज ने अजय अग्रवाल, अजय, संतोष सिंह, जयप्रकाश और रमेश चंद्र गुप्ता समेत कई नामों का इस्तेमाल कर महिलाओं से ठगी की। मामले की शुरुआत 4 मार्च, 2022 को हुई, जब महाराष्ट्र के ठाणे जिले के नयानगर थाने में 75 साल की महिला ने शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि अनुज त्रिवेदी ने अखबार में प्रकाशित वैवाहिक विज्ञापन के जरिए उनकी 45 साल की बेटी से संपर्क किया। 1 मार्च, 2019 को उससे शादी कर धोखाधड़ी की। चंद्रावल पहुंचीं पीड़ित, संपत्ति कुर्क करने की मांग की पीड़िताओं ने अनुज को ‘यूपी का रावण’ बताते हुए आरोप लगाया कि वह अलग-अलग पहचान बताकर महिलाओं से शादी करता था। उनसे लाखों रुपए और जेवर ठग लेता था। महिलाओं का यह भी आरोप है कि अनुज अपने बेटे प्रखर त्रिवेदी को ‘अविरल’ नाम से परिचित कराता था। अनुज की गिरफ्तारी के बाद तीन पीड़ित महिलाएं चंद्रावल पहुंचीं। आरोपी की संपत्तियों की जानकारी जुटाने के बाद एडीएम आयुष चौधरी को ज्ञापन देकर उन्हें जब्त करने की मांग की। अनुज पर महाराष्ट्र, प्रयागराज समेत कई राज्यों में महिलाओं से शादी कर ठगी करने के आरोप हैं। कई पीड़ित महिलाएं सामने आ चुकी हैं। उसके खिलाफ अलग-अलग जगह मुकदमे दर्ज हैं। इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी के बाद यह पूरा प्रकरण चर्चा में आया। ——————————— ये खबर भी पढ़ें… प्रतापगढ़ में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत:माता-पिता, बेटा-बहू और 2 बच्चों की गई जान प्रतापगढ़ में लगातार बारिश से बुधवार देर रात 100 साल पुराना मकान ढह गया। हादसे में एक परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें माता-पिता, बेटा, छोटी बहू और उसके दोनों बच्चे हैं। रात में गर्मी और उमस थी। इसलिए परिवार के 7 लोग AC वाले कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान रात 2 बजे अचानक घर की छत ढह गई। सभी लोग मलबे में दब गए। एक बेटा कमरे के किनारे सो रहा था। वह जैसे-तैसे मलबे से बाहर निकल आया। पढ़ें पूरी खबर…