सीतापुर में मिश्रिख नपा में आयकर विभाग की टीम पहुंची है। टीम ऑफिस में दस्तावेज चेक कर रही है। हाल ही में हुए उपचुनाव में मिश्रिख से भाजपा विधायक रामकृष्ण भार्गव की बहू सीमा भार्गव अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। विधायक के बेटे विजय भार्गव का कहना है कि यह छापा की कार्रवाई नहीं है। बल्कि, आयकर टीम दस्तावेज देखने आई है। हर साल ठेकदारों का टैक्स कटता है, तो वही दस्तावेज देखने टीम आई है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे आयकर विभाग की टीम दो गाड़ियों से दफ्तर पहुंची। एक कमरे को बंद कर कई घंटों तक गहन छानबीन की। इस दौरान नपा ईओ विंध्याचल समेत बाबू वर्ग से पूछताछ की गई। टीम ने विभिन्न फाइलों, वित्तीय अभिलेखों और अहम दस्तावेजों को बारीकी से खंगाला। आय-व्यय से जुड़े रिकॉर्ड, टेंडर प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक कागजातों की गहन पड़ताल की गई। कार्यालय के बाहर भी चर्चा का बाजार गर्म अचानक हुई इस कार्रवाई से नगर पालिका कार्यालय के बाहर भी हलचल तेज हो गई। आम लोगों में छापेमारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि आयकर विभाग के अधिकारियों ने फिलहाल छापेमारी के कारणों या किसी बरामदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अध्यक्ष सीमा भार्गव के कार्यकाल में कार्रवाई गौरतलब है कि मिश्रिख नगर पालिका की अध्यक्ष सीमा भार्गव हैं, जो भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हैं। आयकर विभाग की कार्रवाई फिलहाल जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी। छापेमारी से स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। खबर अपडेट की जा रही है…