सीनियर डॉक्टर ने गोली मारी, बुलेट सिर के आरपार हुई:सीतापुर में पति-पत्नी अकेले रहते थे; पुलिस बोली- पत्नी कुछ बोल नहीं पा रहीं

सीतापुर में एक सीनियर डॉक्टर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी दौड़े पहुंची तो वह बेड पर औंधे मुंह गिरे पड़े थे। पूरा बेड खून से लाल हो चुका था। पति का हाल देखकर पत्नी चीख पड़ी। चिल्लाकर पड़ोसियों को बुलाया। सूचना पर पुलिस पहुंची। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन मोहल्ले की शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे की है। पुलिस ने घटनास्थल से रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल, आत्महत्या की वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस के अनुसार, पति की सुसाइड के बाद पत्नी को गहरा सदमा लगा है। वह कुछ बोल नहीं पा रहीं हैं। घटना के वक्त पति-पत्नी घर पर अकेले थे। जानिए पूरा मामला… सिविल लाइन मोहल्ले के रहने वाले डॉ. राजेंद्र चौधरी (69) आयुर्वेद के डॉक्टर थे। उनके पास BAMS की डिग्री थी। खैराबाद में उनकी क्लीनिक थी। डॉ. चौधरी अपनी पत्नी शक्ति चौधरी (65) के साथ घर में रहते थे। दोनों के दो बेटे हैं। दोनों ही बाहर रहते हैं। शुक्रवार दोपहर यानी आज दोनों घर पर ही थे। दोपहर में दोनों ने साथ में खाना खाया, फिर डॉ. चौधरी फर्स्ट फ्लोर पर बने अपने कमरे में चले गए। जबकि उनकी पत्नी शक्ति नीचे ही कुछ काम करने लगी। दोपहर करीब एक बजे डॉ. चौधरी के कमरे से गोली चलने की आवाज आई। जिसे सुनते ही उनकी पत्नी ऊपर गईं। वहां देखा कि डॉक्टर चौधरी अपने बेड पर औंधे मुंह गिरे पड़े थे, जबकि उनके कनपटी पर गोली लगी थी। उनकी पत्नी शक्ति यह देखते ही चीख पड़ी और पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसी उनके घर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। कमरे से डॉक्टर की लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद कर ली गई है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। सीओ सिटी विनायक भोसले ने बताया कि घटना के बारे में पत्नी से पूछताछ की। पति के मौत से उन्हें इतना सदमा लगा है कि वह कुछ भी नहीं बोल रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। इनके बेटों को घटना के बारे में सूचना दे दी गई है। उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है