सॉफ्टवेयर इंजीनियर बहू ने सास को घसीट-घसीट कर पीटा, VIDEO:गाजियाबाद में ससुर बोले- मुझे चाकू लेकर दौड़ाया; पिता दरोगा इसलिए धमकाती है

गाजियाबाद में एक साफ्टवेयर इंजीनियर बहू ने अपनी सास को जमकर पीटा। बहू और सास में पहले नोकझोंक होती है। तभी बहू अपनी सास को पहले थप्पड़ों से मारती है। फिर घसीट कर लगातार लात मारती है। सास को झटके से नचाकर दीवार पर पटकती है। बहू इस दौरान लगातार गाली देती रहती है। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। ससुर सत्यपाल सिंह ने बताया- पत्नी को पीटने के बाद बहू मुझे चाकू लेकर दौड़ाती है। मैंने खुद को कमरे में बंद करके अपनी जान बचाई। उसके पिता दरोगा हैं। इसलिए वह लगातार हम लोगों को धमकाती रहती है। मेरे बेटा भी साफ्टवेयर इंजीनियर है। वह गुरुग्राम में रहता है। इसकी वजह से घर नहीं आता है। बहू का वर्क फ्रॉम होम चल रहा है। वह घर पर ही रहती है। घटना गाजियाबाद के कविनगर इलाके के गोविंदपुरम की है। पिछले 6 दिन से पीड़ित सास-ससुर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं। घटना 1 जुलाई की है। वीडियो 6 जुलाई को सामने आया, तब पुलिस ने FIR दर्ज की। पहले देखिए 4 तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला… ढाई साल पहले हुई थी शादी
बुलंदशहर निवासी सत्यपाल सिंह केंद्रीय विद्यालय दिल्ली से रिटायर्ड शिक्षक हैं। वह इस समय गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम में रहते हैं। इनकी 3 बेटियां हैं और तीनों की शादी हो चुकी है। इकलौता बेटा अंतरिक्ष गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। सत्यपाल सिंह ने बताया कि बेटे अंतरिक्ष की शादी ढाई साल पहले गाजियाबाद के स्वर्णजयंती पुरम निवासी आकांक्षा से हुई। आकांक्षा भी साफ्टवेयर इंजीनियर है। वह पहले चंडीगढ़ में जॉब करती थीं, लेकिन एक साल से वर्क फ्रॉम होम कर रही है। अपनी मां को बुलाकर सास को पीटा
1 जुलाई को आकांक्षा ने अपनी मां को अपने ससुराल बुलाया। जिसके बाद अपनी सास सुदेश को पीटना शुरू कर दिया। पहले गाली गलौज की। उसके बाद सास को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। सास बचाव का प्रयास करती हैं तो बहू बाल पकड़कर पीटना शुरू कर देती है। आकांक्षा की मां भी मारपीट में साथ देती है। फिर फर्श पर गिराकर पीटा। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। इसका 1 मिनट 20 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें बहू की करतूत देखी जा सकती है। गृह क्लेश के कारण बेटा घर नहीं आता
ससुर सत्यपाल सिंह ने बताया- बेटे की पत्नी आकांक्षा लगातार हमें परेशान करती है। आकांक्षा के पिता ज्ञानेंद्र सिंह दिल्ली पुलिस में दरोगा हैं। वह आए दिन अपने पिता की धमकी देती है। इसी के कारण मेरा बेटा भी परेशान रहता है। वह घर क्लेश के कारण घर नहीं आता और गुरुग्राम ही रह रहा है। ACP कविनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। सास के साथ मारपीट करने के मामले में बहू आकांक्षा और उसकी मां के नाम शामिल है। SHO कविनगर योगेंद्र मलिक पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। ————————- ये खबर भी पढ़ें… चाची ने प्रेमी के साथ मिलकर भतीजे को मार डाला:बरेली में पति को गोद में लिटाकर रोती रही पत्नी…VIDEO बरेली में चाची ने प्रेमी के साथ मिलकर भतीजे की हत्या कर दी। शनिवार देर शाम चाची का भतीजे की पत्नी के साथ जमीन को लेकर कहासुनी हुई। इसी बीच भतीजा पहुंचा और पत्नी की तरफ झगड़ा करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि चाची गुस्से में कमरे के अंदर से चाकू लेकर आ गई। पढ़ें पूरी खबर…