हरदोई के माधौगंज थाना क्षेत्र में रविवार रात एक सड़क हादसे में दो किसानों की मौत हो गई। सौंहार गांव के महेश गौतम (45) और महावीर प्रसाद (60) बाइक से कस्बे से बाजार कर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे माधौगंज-बघौली मार्ग पर ग्राम फिरोजपुर के सामने एक ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिर गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतक खेती-किसानी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। महावीर के परिवार में पत्नी प्रेमा के अलावा तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।