हरियाणवी स्टेज डांसर डिंपल चौधरी के साथ उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर बदसलूकी की गई। डिंपल चौधरी ने इस घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर किया है। वीडियो में एक युवक स्टेज पर परफॉर्मेंस के दौरान उनकी कमर को छूता हुआ दिखाई दे रहा है। युवक की इस हरकत पर डिंपल चौधरी भड़क गईं और उन्होंने मंच पर ही उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उन्होंने माइक पर युवक को फटकार लगाते हुए कहा, “परफॉर्मेंस चल रही है इसका मतलब ये नहीं है कि हाथ लगाओगे।” डिंपल चौधरी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली हैं। वह हरियाणा के अलावा राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी स्टेज शो करती हैं। घटना के बाद दैनिक भास्कर की टीम ने डिंपल चौधरी से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम के बारे में जाना। पहले जानिए डिंपल ने क्या-क्या बताया…. कई कलाकार परफॉर्मेंस देने आए थे डिंपल चौधरी ने बताया कि यह घटना 3 जून को उत्तर प्रदेश के हाथरस क्षेत्र में हुई थी। एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के जन्मदिन के अवसर पर डांस और रागनी प्रोग्राम रखा था। प्रोग्राम देर शाम करीब 8 बजे शुरू हुआ था, जबकि वह रात करीब 10 बजे मंच पर पहुंची थीं। प्रोग्राम में डांसर और सिंगर शिवानी, कोमल चौधरी समेत कई अन्य कलाकार भी मौजूद थे, जो बारी-बारी से मंच पर अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे। गलत नीयत से कमर पर टच किया डिंपल ने बताया कि मैं रात लगभग 2:30 बजे वह हरियाणवी सॉन्ग ‘गंडास’ पर परफॉर्मे कर रही थी, तभी एक युवक मंच पर चढ़ आया। वह युवक आयोजक का रिश्तेदार था। परफॉर्मेंस के दौरान उसने गलत नीयत से मेरी कमर को छूने की कोशिश की। इस हरकत से नाराज होकर मंच पर ही मैंने उसे थप्पड़ मार दिया। सम्मान के साथ खिलवाड़ नहीं डिंपल ने कहा कि कलाकार लोगों के मनोरंजन और अपनी रोजी-रोटी के लिए मंच पर प्रदर्शन करते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कोई उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ करे। यदि कोई व्यक्ति गलत नीयत से छेड़छाड़ करने की कोशिश करेगा तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उस समय मेरे मुंह से कुछ अपशब्द भी निकल गए थे। हंगामे के बाद डंडे भी चले थे कानूनी कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर डिंपल चौधरी ने कहा कि मैंने मौके पर ही युवक को उसकी हरकत का जवाब दे दिया था, इसलिए अब मैं पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहती। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर काफी हंगामा हो गया था और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए डंडे भी चलाने पड़े थे। अब डिंपल चौधरी के बारे में जानिए…. 2018 में शुरू हुआ डिंपल का करियर डिंपल चौधरी ने बताया कि मैंने साल 2018 में स्टेज पर काम करना शुरू किया था। घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, इसलिए मैंने इस क्षेत्र को अपने करियर के रूप में चुना। शुरुआत में परिवार को मेरे इस फैसले पर आपत्ति थी, लेकिन बाद में मेरी मेहनत और सफलता को देखकर परिवार का पूरा साथ मिलने लगा। कोविड के दौरान अपनी 12वीं की पढ़ाई पूरी की। जागरण में गाने से की शुरुआत डिंपल ने बताया कि मैंने अपने करियर की शुरुआत जागरणों में भजन और गीत गाकर की थी। इसके बाद मैंने स्टेज शो करने शुरू किए और धीरे-धीरे डांसिंग की दुनिया में पहचान बना ली। शुरुआती दिनों में उन्हें एक कार्यक्रम के लिए सिर्फ 500 रुपए मिलते थे। अब करीब दो घंटे के एक शो के लिए 40 हजार रुपए तक फीस लेती हूं। अश्लील डांस पर बोलीं- मेरा घर चलता है अश्लील डांस और सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर डिंपल ने कहा- यह मेरी रोजी-रोटी है और इसी से मेरा घर चलता है। लोग मेरा डांस को पसंद करते हैं, इसलिए मुझे बुलाते हैं। जिन्हें पसंद नहीं होता वह उठकर चले जाते हैं। दुनिया का काम कहने का है, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। हरियाणा में काफी जगह प्रोग्राम होते हैं तो लोग बड़े चाव से मुझे देखने आते हैं।