हाथरस में दलित बच्चे की गला घोंटकर हत्या:2 दिन से गायब था, खेत में मिला शव; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा

हाथरस में एक दलित बच्चे की हत्या कर दी गई। उसका शव शनिवार सुबह खेत में अर्धनग्न अवस्था में मिला। बच्चे के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान हैं। वह दो दिन से घर से गायब था। घटना मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव खूटीपुरी जाटान की है। परिवार वाले बच्चे की हत्या के पीछे रंजिश को वजह मान रहे हैं। उनका कहना है कि समय रहते अगर पुलिस ने बच्चे को ढूंढ लिया होता तो हमारा बेटा जिंदा होता। गांव वालों ने बच्चे के शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। 2 तस्वीरें देखिए… अब पूरी घटना विस्तार से पढ़िए राजपाल सिंह गांव खूटीपुरी जाटान में परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि हमारा बेटा भोला (7) 8 मई को दोपहर 3 बजे के करीब शौच के लिए निकला। वहां से आकर आटा चक्की के पास खेलने लगा। इसके बाद वहीं से गायब हो गया। हम लोगों ने उसे काफी तलाशा। नहीं मिलने पर मुरसान कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। आज सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला। भोला राजपाल सिंह का इकलौता बेटा था। उनकी पत्नी का नाम रानी है। उनके तीन बच्चों में भोला के अलावा दो बहनें हैं। राजपाल सिंह की अपनी आटा चक्की है। इकलौते बेटे की हत्या पर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। दादा बोले- नाती की हत्या रंजिश में की गई
मृतक के दादा प्रेम सिंह ने रंजिश में नाती की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि हमने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। मगर पुलिस समय रहते भोला को नहीं खोज पाई। वह कक्षा एक में पढ़ता था। बच्चे की पेट और छाती के पास धारदार हथियार के निशान हैं। काला कपड़ा भी बंधा हुआ है। ऐसा प्रतीत होता है कि किसी ने रंजिश के चलते मेरे नाती की हत्या की है। हत्या कहीं और की गई है और डेड बॉडी को फेंका गया है। पिता ने कहा – हमारी तो किसी से दुश्मनी भी नहीं
पिता राजपाल सिंह ने बताया- हम लोगों की तो किसी से दुश्मनी भी नहीं है। फिर मेरे बेटे को कोई क्यों मार सकता है। मै पुलिस से यही कहना चाहता हूं, कि मेरे बेटे के हत्यारे को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। गला घोंटकर की गई हत्या की पुष्टि बच्चे की संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले में पुलिस ने अब अपहरण और हत्या की धाराओं में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच में बच्चे के साथ कुकर्म की आशंका भी जताई जा रही है। संभावना है कि कुकर्म के बाद उसकी हत्या की गई हो। इस आशंका की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम के दौरान स्लाइड भी बनाई गई है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। दो सदस्यीय चिकित्सकों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत का कारण स्ट्रैंगुलेशन बताया गया है। यानी बच्चे की गला घोंटकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। बसपा नेताओं ने परिजनों को बंधाया ढांढस घटना की सूचना पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कुछ नेता भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा का कहना है कि बच्चे की गला दबाकर हत्या की गई है। उसके साथ कुकर्म की भी आशंका है। अभी मामले को लेकर छानबीन की जा रही है। पूरे मामले के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। ——————- ये खबर भी पढ़ें… सिपाही ने सुबह कहा-बॉर्डर पर भेजो, शाम को ट्रांसफर:रामपुर में बोला-जज्बा कम नहीं हुआ, जहां रहूंगा जान की बाजी लगा दूंगा रामपुर पुलिस लाइन में तैनात हेड कॉन्स्टेबल चमन सिंह का ट्रांसफर लखीमपुर खीरी कर दिया गया है। चमन सिंह ने शुक्रवार सुबह SP को पत्र लिखकर पाकिस्तान सरहद पर लड़ने की अनुमति मांगी थी। शाम को तबादला कर दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…