यूपी में मानसून ने दो दिन के अंदर लखनऊ समेत 56 जिलों को कवर कर लिया है। सिर्फ 19 जिले ऐसे हैं, जहां मानसून का एक्टिव होना बाकी है। वैज्ञानिकों का दावा है कि अगले 24 से 48 घंटे में बाकी जिलों को भी मानसून कवर कर जाएगा। मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया, बारिश से प्रदेश के सभी स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चले गए। झांसी में 10 साल का रिकॉर्ड टूटा है। शुक्रवार को 28.7°C के साथ झांसी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। इससे पहले 2015 में इतना तापमान रिकॉर्ड हुआ था। जबकि झांसी के 1969 के इतिहास में यह 10वीं बार है। शुक्रवार को झांसी, गोरखपुर समेत 25 शहरों में बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में पूरी रात रुक-रुक कर बारिश हुई। रिंग रोड की सर्विस लेन 30 फीट तक धंस गई। अमेठी में इतनी बारिश हुई कि एसपी ऑफिस, गौरीगंज कोतवाली और आसपास का पूरा क्षेत्र तालाब बन गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने एसपी ऑफिस से पानी निकाला। प्रयागराज में सुबह जोरदार बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। मिर्जापुर में बारिश के चलते नटवा रेलवे ब्रिज के नीचे भारी जलभराव हो गया, जिसमें दो ट्रक फंस गए। क्रेन की मदद से ट्रकों को बाहर निकाला गया। प्रतापगढ़ के लालगंज में रात में इतनी बारिश हुई कि लोगों के बेडरूम में पानी घुस गया। लोग बाल्टी और वाइपर से पानी निकालते नजर आए। सोनभद्र में मूसलाधार बारिश से रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पानी भर गया। इसमें यात्रियों से भरी रोडवेज बस फंसकर बंद हो गई। इसके बाद यात्रियों ने धक्का देकर बस को बाहर निकाला। मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के सीनियर साइंटिस्ट मोहम्मद दानिश ने बताया- शुक्रवार को दक्षिण पश्चिमी मानसून आगरा से होते हुए रामपुर तक पहुंच गया। यूपी में औसतन 18 जून तक मानसून हिट करता है। इस बार बिल्कुल ठीक समय पर मानसून ने ललितपुर, सोनभद्र के रास्ते हिट किया है। इसलिए अच्छी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आज 36 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 53 जिलों में बिजली गिरने की संभावना है। तस्वीरें देखिए- इधर, गुरुवार शाम को उन्नाव में बारिश से सड़कें तालाब बन गईं। रेलवे ट्रैक धंस गया। एक युवक ने लाल टीशर्ट लहराकर पैसेंजर ट्रेन रुकवाई। जिससे बड़ा हादसा टल गया। बीते 24 घंटे प्रदेश में बिजली गिरने से 10 लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार की बात करें तो लखनऊ, कानपुर सहित 45 जिलों में झमाझम बारिश हुई थी। फिरोजाबाद में सबसे ज्यादा 120 मिमी बारिश दर्ज की गई। 24 घंटे में 53 जिलों में 13.6 मिमी बारिश हुई। प्रदेश में 1 जून से अब तक औसतन 44.6 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि मौसम विभाग के मुताबिक अब तक 42.3 मिमी बारिश हो जानी चाहिए थी। यूपी में कोटे से अब तक 6 फीसदी अधिक बारिश हुई है। मौसम से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए—