150 करोड़ का ओवरब्रिज 6 महीने में धंसा:अयोध्यावासी बोले-अफसर यूपी को बिहार बना रहे; सपा सांसद ने भ्रष्टाचार का खुला खेल बताया

लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर सआदतगंज एरिया में बने ओवरब्रिज का एक हिस्सा धंस गया। इस पुल में जगह-जगह क्रैक आ गए। 36 घंटे तक ट्रैफिक सर्विस लेन से होकर चलता रहा। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ओवरब्रिज पर पहुंचे। सांसद ने कहा- भ्रष्टाचार के चलते सड़क धंसी है। यह ओवरब्रिज राम पथ से सटा हुआ है। इस भ्रष्टाचार को हम सदन में भी उठाएंगे। यह सरकारी विभागों के खुल्लम-खुल्ला भ्रष्टाचार का सबूत है। सांसद के पहुंचने के 2 घंटे बाद शनिवार की रात 8 बजे ओवरब्रिज पर ट्रैफिक शुरू कर दिया गया। NHAI की टीम ने धंसे हुए हिस्से को ठीक किया था। इस ओवरब्रिज का उद्घाटन फरवरी, 2025 यानी 6 महीने पहले ही हुआ था। 8 अगस्त को ओवरब्रिज के जॉइंट एरिया का हिस्सा धंसने के बाद यहां ट्रैफिक रोक दिया गया। निर्माण के बाद इतनी जल्दी जॉइंट पर रोड कैसे धंस गई? क्या पुल को बनाने में करप्शन हुआ है? क्या मानसून सीजन में 31% ज्यादा बारिश होना, एक वजह है? इसको जानने के लिए दैनिक भास्कर ग्राउंड जीरो पर पहुंची। पढ़िए पूरी खबर… पानीपत की कंपनी ने किया था कंस्ट्रक्शन
लखनऊ को फैजाबाद से जोड़ने के लिए सआदतगंज इलाके में ओवरब्रिज तैयार किया गया है। अयोध्या धाम को क्रॉस करते ही यह ओवरब्रिज शुरू हो जाता है। इसका दूसरा हिस्सा फैजाबाद की तरफ है। 58 मीटर ओवरब्रिज डबल लेन का बनाया गया है। ओवरब्रिज को पानीपत की हार्दिक कंस्ट्रक्शन कंपनी ने तैयार किया था। इस कंपनी के पास अयोध्या बाइपास पर सआदतगंज से गोंडा के महेशपुर तक का 22 किमी दूरी में 3 ओवरब्रिज और 8 अंडरपास बने हैं। कई जगह पर काम चल भी रहा है। दरअसल, ओवरब्रिज का उद्घाटन होने के बाद लोग हल्की कंपन महसूस करते थे। सड़क की सतह भी एक समान नहीं थी। ऐसे में 2 अगस्त को ओवरब्रिज का क्रॉस बैरियर चटक गया था। जबकि 8 अगस्त को सड़क का एक हिस्सा ही धंस गया। यह मामला NHAI के अधिकारियों तक पहुंचते ही पुल के दोनों छोरों पर स्टॉपर लगवा दिए गए। वाहनों को सर्विसलेन पर डायवर्ट किया जाने लगा। 36 घंटे तक वाहन ओवरब्रिज के नीचे से सर्विसलेन पर ही आते-जाते रहे। इसको लेकर अमूमन वहां जाम की स्थिति रही। अब अयोध्या के लोगों की बात ओवरब्रिज पर हमारी मुलाकात राहगीरों से हुई। अयोध्या के रहने वाले पुष्पेंद्र कहते हैं- यह ओवरब्रिज सिर्फ 6 महीने पहले बना था। अचानक इसको बंद करवा दिया गया। पूछताछ में बताया गया कि इसका एक हिस्सा धंसा था। अयोध्या में बड़े पैमाने पर करवाए जा रहे कंस्ट्रक्शन में क्या चल रहा है, ये बताने के लिए काफी है। अंकुर बोले- क्या ये लोग यूपी को बिहार बनाना चाहते हैं? अंकुर पांडेय कहते हैं- अयोध्या में जिन अफसरों की तैनाती है, वो इसको मिलकर बिहार बनाना चाहते हैं। क्या यहां पुल बनेगा और गिर जाएगा। पूरी तरह से बनकर चल भी नहीं पाया, यहां दरारें आ गई है। रोड चटक गई है। अयोध्या के लोग यही चाहते हैं कि इस भ्रष्टाचार की पूरी जांच हो और जिम्मेदार चेहरे सामने आएं। संजय कुमार कहते हैं- पुल की मरम्मत हो चुकी है, मगर यह दरारें दिख रही हैं। कुछ समय पहले पुल को बंद रखा गया था। नीचे बहुत जाम लग रहा था। आप समझिए कि कोई भी देखने-सुनने वाला नहीं है। अयोध्या के लोग चाहते हैं कि जो निर्माण यहां कराए जाएं, वो ठीक से हो। लापरवाही न बरती जाए। अब फैजाबाद सांसद की बात पढ़िए, जब वो ओवरब्रिज पहुंचे… इस ओवरब्रिज के करीब ही सपा सांसद अवधेश प्रसाद का घर है। सड़क धंसने के बाद वह सबसे पहले स्पॉट पर पहुंचे। उन्होंने कहा- अयोध्या के निर्माण में भ्रष्टाचार हो रहे हैं। ये ओवरब्रिज तो सिर्फ एक उदाहरण है। उन्होंने पूछा- क्या कहीं ऐसा होता है कि पुल बने और उसके बाद सड़क चटक जाए। जॉइंट पर क्रैक आ जाए? एक ही बारिश में पुल की सड़क उखड़ गई। यह ओवरब्रिज राम पथ से सटा हुआ है। हम सदन में यह मुद्दा उठाएंगे, जिन अधिकारियों ने इसको तैयार किया है, उनकी जांच होनी चाहिए। इस मामले में NHAI के अधिकारियों की बात भी पढ़िए… अधिकारी बोले- रूटीन मेंटेनेंस में हम मरम्मत करवाते हैं
क्षेत्रीय परियोजना प्रबंधक नवरत्न ने कहा- यह रूटीन मेंटेनेंस का हिस्सा था। ओवरब्रिज की मरम्मत हम समय-समय पर कराते रहते हैं। कंस्ट्रक्शन कंपनी के परियोजना प्रबंधक अशोक रावल के अनुसार ओवरब्रिज धंसा नहीं है, बल्कि इसे जोड़ने वाली एप्रोच रोड का ज्वाइंट हल्का सा नीचे हो गया था। बरसात में ऐसा सामान्य बात है। ————————– यह भी पढ़ें : BHU में MBBS छात्रा से छेड़खानी:लाइब्रेरी से हॉस्टल जा रही थी, बाइक सवार युवकों ने रोका, विरोध पर दोस्तों से मारपीट की वाराणसी में BHU की MBBS छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। सोमवार देर रात छात्रा 3 दोस्तों के साथ लाइब्रेरी से हॉस्टल जा रही थी तभी बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने अश्लील कमेंट किए और लड़की से छेड़खानी की। विरोध करने पर उसके दोस्तों से मारपीट की। पढ़िए पूरी खबर…