17 जिलों के 402 गांवों में बाढ़:लखनऊ में 50 घंटे से झमाझम बारिश, वाराणसी-प्रयागराज में सड़कों पर चल रही नाव

यूपी में बाढ़ से हालात अब बिगड़ने लगे हैं। प्रयागराज, वाराणसी समेत 17 जिलों में बाढ़ आई है। करीब 402 गांव प्रभावित हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में 47,906 लोगों को राहत पहुंचाई गई। अब तक 343 मकान बारिश की वजह से ढह गए। लखनऊ में लगातार तीसरे दिन यानी 50 घंटे से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज 44 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 4 जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। सीएम योगी ने बाढ़ से राहत-बचाव के लिए मंत्रियों की स्पेशल टीम-11 बनाई है। योगी ने मंत्रियों को तत्काल अपने प्रभावित जिलों में ग्राउंड जीरो पर उतारा है। ये बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे, राहत सामग्री बांट रहे। बाढ़ की वजह से 2,759 मवेशियों को सुरक्षा स्थान पर शिफ्ट किया गया है। प्रदेश में 4,015 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल बाढ़ की चपेट में आया है। इन प्रभावित क्षेत्रों में 493 नावों और मोटरबोट्स की सहायता से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। वाराणसी और प्रयागराज में गंगा का पानी एक लाख से अधिक घरों में घुस गया है। श्मशान घाट डूब गए हैं। सड़कों पर नावें चल रही हैं। काशी में हजारों लोगों ने घर छोड़ दिया है। यहां गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। रविवार की बात करें तो प्रयागराज के गोविंदपुर में बाढ़ में SDM की गाड़ी फंस गई। NDRF-SDRF के जवानों ने ट्रैक्टर से खींचकर गाड़ी को बाहर निकाला। पीलीभीत के सांसद और केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की गाड़ी कीचड़ में फंस गई। ट्रैक्टर से खींचकर बाहर निकाला गया। मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने कहा- पश्चिमी विक्षोभ की पछुआ हवा से हो रही प्रतिक्रिया के बाद बनी अनुकूल सिनौप्टिक परिस्थितियों के प्रभाव से प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश जारी है। आगामी 24 से 36 घंटे तक बिना किसी विशेष परिवर्तन के ऐसे ही मौसम बना रहेगा। 24 घंटे में अनुमान से 95% ज्यादा बारिश हुई
रविवार की बात करें तो 24 घंटे में 69 जिलों में औसतन 14.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। ये मौसम विभाग के अनुमान 7.3 मिमी से 95% अधिक है। वहीं, 1 जून से 3 अगस्त तक की बात करें तो यूपी में 365.1 मिमी बारिश हुई। ये मौसम विभाग के अनुमान 380.4 मिमी से 4% कम है। कल की तस्वीरें देखिए-