कभी नामी फोटोग्राफर्स के कैमरों के आगे पोज देती एक स्ट्रगलिंग मॉडल, तो कभी नेताओं-अफसरों और प्राइवेट बॉडीगार्ड्स के साथ लग्जरी लाइफ जीती एक हाई-प्रोफाइल हस्ती…। श्रद्धा दुबे की ग्लैमरस जिंदगी का हर पन्ना उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर खुला पड़ा है। शादी के बाद हैदराबाद से शुरू हुआ मॉडलिंग का सफर 2022 में तलाक तक आ पहुंचा। लखनऊ शिफ्ट होते ही उसकी पूरी ‘लाइफस्टाइल’ ही बदल गई। कभी काम के लिए तरसने वाली श्रद्धा के पेज पर पिछले 2 साल में उसके काम (मॉडलिंग) का एक भी पोस्ट नहीं दिखा। दिखा तो सिर्फ हिल स्टेशनों पर ऐश-ओ-आराम। रेस्टोरेंट उद्घाटनों का जलवा और बिना सरकारी मंजूरी के साथ घूमते पुलिसिया बॉडीगार्ड्स…। आइए जानते हैं 698 पोस्ट्स के जरिए, कैसे एक मॉडल की जिंदगी ‘रैंपवॉक’ के बजाय रसूख और मौज-मस्ती से चलने लगी… श्रद्धा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस वक्त कुल 698 पोस्ट्स हैं। इनमें आधे से ज्यादा साल 2018 और 2019 की हैं। इस दौरान की करीब 90% तस्वीरें लखनऊ के नामी फोटोग्राफर्स से मॉडलिंग के उद्देश्य से खिंचवाई गई थीं। इनके जरिए मॉडलिंग के पेशे में काम हासिल करने की कोशिश थी। बाद के सालों में श्रद्धा को इसका फायदा भी हुआ। 2020-2021 में श्रद्धा ने मॉडलिंग में खूब नाम कमाया। अलग-अलग डिजाइनरों के लिए कई फैशन शो किए। यह सब कुछ उसके इंस्टाग्राम पर दिखता है। कुछ पोस्ट में श्रद्धा ज्वेलरी ब्रांड के लिए भी मॉडलिंग करती दिखती है। लेकिन, 2022 में तलाक के बाद जब वह पूरी तरह से लखनऊ शिफ्ट हुई, तो उसका रहन-सहन और काम करने का तरीका पूरी तरह बदल गया। इसके बाद उसके इंस्टा अकाउंट पर मॉडलिंग के बजाय मौज-मस्ती की पोस्ट बढ़ने लगीं। 2026 में 18 पोस्ट, मॉडलिंग से जुड़ी एक भी नहीं श्रद्धा के इंस्टाग्राम पर 1 लाख 43 हजार फॉलोअर हैं। इनमें प्रशंसकों और बड़े फैशन ब्रांड्स के अलावा यूपी के कुछ नेता और रसूखदार अधिकारी भी शामिल हैं। कहने को तो श्रद्धा एक मॉडल और फैशन डिजाइनर है, लेकिन पिछले 2 साल में उसके काम से जुड़ी एक भी पोस्ट सोशल मीडिया पर नहीं है। ज्यादातर पोस्ट में श्रद्धा घूमती-फिरती और मौज-मस्ती करती दिखती है। 2026 में श्रद्धा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुल 18 पोस्ट किए हैं। आखिरी पोस्ट शिवा की मौत से ठीक 7 दिन पहले यानी 2 अक्टूबर की है। इसमें वह एक रेस्टोरेंट के बाहर पोज देती नजर आ रही है। इसके अलावा फरवरी की एक पोस्ट में श्रद्धा किसी हिल स्टेशन पर और मई की पोस्ट में समुद्र के किनारे लग्जरी होटल में मजे करती दिख रही है। फरवरी की एक पोस्ट में श्रद्धा एक रेस्टोरेंट का उद्घाटन करती दिख रही है। श्रद्धा के साथ हमेशा 2 प्राइवेट बॉडीगार्ड भी चलते थे। कभी-कभी इसमें यूपी पुलिस के सिपाही भी शामिल हो जाते थे। जबकि, प्रशासन की तरफ से उसे किसी तरह की सुरक्षा नहीं दी गई है। 3 अप्रैल की पोस्ट में उसके साथ 2 बॉडीगार्ड दिखते हैं। यह पोस्ट उत्तराखंड में बाबा नीब करौरी मंदिर की है। श्रद्धा के साथ दिख रहे सुरक्षाकर्मियों में उत्तराखंड पुलिस का भी एक सिपाही शामिल दिखता है। 2 साल में 17 प्रमोशनल पोस्ट, इसके लिए कंपनियों ने पैसे दिए पिछले साल भी श्रद्धा ने सिर्फ 18 ही पोस्ट किए थे। इनमें से 5 सिर्फ मार्च महीने में जयपुर के एक फैशन शो के हैं। श्रद्धा के किसी भी सोशल मीडिया पोस्ट से यह जाहिर नहीं हो पाता कि वह इन सभी जगहों पर किसके साथ घूमने गई थी? 2025 में श्रद्धा के 5 प्रमोशनल पोस्ट नजर आते हैं, मतलब इसके लिए उसको पैसा मिला होगा। इससे पीछे जाएं, तो श्रद्धा के अकाउंट पर पोस्ट की संख्या बढ़ती नजर आती है। 2024 में उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 37 पोस्ट किए हैं। इनमें से 9 प्रमोशनल पोस्ट थे। जून, 2024 में जयपुर के एक फैशन शो में अलग-अलग ड्रेस के साथ फोटो और रील्स शेयर किए हैं। इससे जाहिर होता है कि 2 साल पहले तक वह फैशन डिजाइनिंग और मॉडलिंग की दुनिया में काफी सक्रिय थी। 2022-2023 में सबसे कम पोस्ट, इसी दौरान हुआ था तलाक श्रद्धा के पारिवारिक उठापटक का असर उसके सोशल मीडिया पोस्ट्स पर भी दिखता है। उसके अकाउंट पर सितंबर, 2022 से मई, 2023 के बीच की कोई भी पोस्ट नहीं है। दरअसल, इस दौरान श्रद्धा, पति लोकेश से अलग हुई थी। वह रायबरेली जिले के रामजीपुरम कॉलोनी की रहने वाली है। 2010 में उसकी शादी प्रतापगढ़ के लोकेश पांडेय से हुई थी। लोकेश हैदराबाद की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर हैं। शादी के बाद श्रद्धा भी हैदराबाद शिफ्ट हो गई थी। मॉडलिंग और फैशन डिजाइनिंग की ओर श्रद्धा का झुकाव देखकर लोकेश ने उसको इसके प्रोफेशनल कोर्स कराए। कोर्स पूरा होने के बाद श्रद्धा लखनऊ आ गई। इसके बाद से ही लोकेश और श्रद्धा के बीच मनमुटाव शुरू हो गया। धीरे-धीरे स्थिति तलाक तक आ गई। 2022 में दोनों अलग हो गए। दोनों का एक बेटा है, जो इस वक्त लोकेश के साथ है। मई, 2023 के बाद की सोशल मीडिया पोस्ट्स में श्रद्धा लखनऊ फैशन वीक, दिल्ली टाइम्स फैशन वीक और कुछ ब्रांड प्रमोशन करते दिखती है। तलाक के बाद श्रद्धा लखनऊ में ही रहने लगी। यहीं से उसकी पहचान नेता, अधिकारियों और रसूखदार लोगों से होने लगी। इसका असर उसके काम पर भी नजर आया। सोशल मीडिया पर मॉडलिंग से ज्यादा मौज-मस्ती और नेताओं, खिलाड़ियों और अधिकारियों के साथ तस्वीरें पोस्ट होने लगीं। हालांकि, शिवा की मौत के बाद ये सारी तस्वीरें अकाउंट से हटा ली गई हैं। ——————————— यह खबर भी पढ़ें… ब्लैकमेलर या किलर…कौन है श्रद्धा दुबे, पति-बच्चे को छोड़ ग्लैमर चुना, डॉन के गुर्गे संग लिव-इन में रही एक मिडिल क्लास परिवार की लड़की, जिसने बचपन में मां को खो दिया। ‘ग्लैमर’ की दुनिया में छा जाने की जिद थी। फिर अंडरवर्ल्ड, रसूखदार नेताओं और बड़े अफसरों के संपर्क में आई। फिर एक रात अचानक 28 साल के बिजनेसमैन की उसी बिल्डिंग से गिरकर मौत हो गई, जहां वह लड़की रहती है। इसके बाद लड़की का नाम ब्लैकमेलिंग और टॉर्चर से जुड़ने लगा। श्रद्धा दुबे के संघर्ष से जुर्म के दलदल में फंसने और फरारी तक की पूरा कहानी पढ़िए…