22 जिलों में बाढ़, प्रयागराज में 450 घर डूबे:काशी में 84 घाटों का संपर्क टूटा, आज 30 शहरों में बारिश का अलर्ट

यूपी में लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। 22 जिलों में बाढ़ आई हुई है। इससे ढाई लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। 84 घाटों का आपसी संपर्क फिर से टूट गया है। इधर, प्रयागराज में गंगा और यमुना पिछले दो महीने में चौथी बार उफान पर हैं। 12 मोहल्लों में पानी घुस गया है। 450 से अधिक घर डूब चुके हैं। इसके अलावा, तीन लाख से ज्यादा की आबादी पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। गंगा का जलस्तर 80.82 मीटर तो यमुना का जलस्तर 82.85 मीटर रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को प्रदेश के 64 जिलों में 6.8 मिमी औसतन बारिश हुई। यह सामान्य 8.1 मिमी से 16% कम है। इस सीजन में प्रदेश में 562.8 मिमी बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने इतनी ही बारिश का अब तक अनुमान जताया था। ऐसे में प्रदेश में अब तक कोटे के बराबर बारिश हो चुकी है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- मानसून फिर एक्टिव हो गया है। अगले 4-5 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा।

यूपी के इन 22 जिलों में बाढ़
यूपी के 22 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें वाराणसी, प्रयागराज, औरैया, बहराइच, बांदा, मिर्जापुर, कानपुर देहात, चंदौली, फतेहपुर, कानपुर नगर, बाराबंकी, बदायूं, फर्रुखाबाद, गोंडा, हरदोई, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर और उन्नाव शामिल हैं। UP में बारिश से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए….